जौनपुर। मल्हनी से सपा विधायक लकी यादव चेक बाउंस मामले में शुक्रवार को न्यायिक मजिस्ट्रेट मोनिका मिश्रा की कोर्ट में पेश हुए। विधायक ने प्रार्थना पत्र दिया गया कि वे सादिक को 14.65 लाख रुपये देने को तैयार हैं, रुपये लेकर मुकदमा समाप्त किया जाय। लेकिन, वादी सादिक ने ब्याज सहित मुकदमे का हर्जा खर्चा भी मांगा है।
कोर्ट ने पक्षकारों को एक अवसर देते हुए 12 नवंबर को अगली तिथि नियत किया है। विधायक ने गिरफ्तारी वारंट जारी होने पर बीते 12 अक्तूबर को कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। नगर कोतवाली क्षेत्र के ओलंदगंज निवासी सादिक ने कोर्ट में विधायक के खिलाफ चेक बाउंस का केस दर्ज कराया था। आरोप लगाया था कि लकी यादव ने जमीन खरीदने के सिलसिले में उनसे 14.65 लाख रुपए लिये। बाद में सौदा रद्द होने पर उसने रुपये वापस मांगा। इसपर विधायक लकी यादव ने सादिक को 14.65 लाख का स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, शाखा मड़ियाहूं का एक चेक 2 मई 2019 को दिया। सादिक ने चेक भुगतान के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा ओलंदगंज स्थित शाखा में अपने खाते में 13 मई 2019 को प्रस्तुत किया। लेकिन, बैंक खाते में पर्याप्त धन न होने के कारण चेक बाउंस हो गया था। सादिक ने इसकी सूचना अपने अधिवक्ता के माध्यम से 22 मई 2019 को रजिस्टर्ड डाक से विधायक को दिया था। लेकिन, विधायक ने न तो नोटिस का जवाब दिया ना ही सादिक को रुपये वापस लौटाया। जिसके बाद वह कोर्ट की शरण में चले गए।