जौनपुर। राष्ट्रीय महिला आयोग एवं राज्य महिला आयोग के संयुक्त तत्वावधान में कलेक्ट्रेट स्थित डीएम मीटिंग हॉल में शुक्रवार को महिला विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकला रेडी, विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह (प्रिंशू) और राज्य महिला आयोग की सदस्य शशि मौर्य ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
जिला प्रोबेशन अधिकारी संतोष कुमार सोनी न कहा कि हर विभाग में कमेटी बनी हुई है, जहां 10 से कम लोग कार्य करते हैं, वहां उत्पीड़न के मामलों की सुनवाई करने के लिए जिला स्तर पर एक आंतरिक कमेटी बनी है। कमेटी की अध्यक्ष टीडी कॉलेज के मनोविज्ञान की विभागाध्यक्ष डॉ. माया सिंह, सदस्य महिला कल्याण अधिकारी नीता वर्मा, स्टाफ नर्स अमृता राय कार्यरत हैं। बाल संरक्षण अधिकारी चंदन राय ने कहा कि हेल्पलाइन नंबर 181 महिला, हेल्पलाइन 1098, चाइल्ड लाइन 1076 व 112 नंबर सहयता कर रही है। महिला थानाध्यक्ष किरन मिश्रा ने डायल 112, इमरजेंसी हेल्पलाइन 1090 के बारे में बताया। चिकित्सक डॉ. शिल्पी सिंह ने महिलाओं के माहवारी की समस्या के बारे में बताया। मजिस्ट्रेट किशोर न्याय बोर्ड ज्योति अग्रवाल ने घरेलू हिंसा, यौन हिंसा उत्पीड़न, दहेज प्रतिषेध के बारे में बताया। बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष अनिल कुमार यादव ने भ्रूण हत्या, बालिका जन्म दर के बारे में जागरूक किया। गर्भ में भ्रूण परीक्षण को रोकने के लिए हम सब को दृढ़ प्रतिज्ञ होना पड़ेगा।