बक्शा। ब्लॉक प्रमुख मनोज यादव (42) का दिल्ली में इलाज के दौरान शुक्रवार को निधन हो गया। शनिवार सुबह पांच बजे शव घर पहुंचा। खंड विकास अधिकारी राम विलास के नेतृत्व में उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद उनकी अंत्येष्टि रामघाट पर की गई। मुखाग्नि उनके सात वर्षीय पुत्र मनन यादव ने दी। प्रमुख के निधन की खबर पर उनके बेलापार नौपेड़वा स्थित आवास पर सैकड़ों की भीड़ जुट गई। शोक में नौपेड़वा बाजार एवं विद्यालय बंद रहा। पूर्व सांसद धनंजय सिंह के बेहद करीबी माने जाने वाले मनोज यादव 2021 में निर्विरोध ब्लॉक प्रमुख चुने गए थे। इसके पूर्व उनकी भाभी सुनीता यादव वर्ष 2010 में ब्लॉक प्रमुख निर्वाचित हुईं थीं। उनके बड़े भाई महेंद्र यादव लगातार जिला पंचायत सदस्य रहे हैं। जबकि मां दुरपत्ती देवी ग्राम प्रधान हैं। ब्लॉक प्रमुख के निधन पर पत्नी रमिला यादव, 16 वर्षीय बेटी मैरी, 12 वर्षीय बेटी माही एवं सात वर्षीय बेटे मनन का रो-रोकर बुरा हाल रहा। इस दौरान प्रमुख रूप से पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राजबहादुर यादव, सुधीर सिंह, नवीन सिंह, सिकरारा ब्लॉक प्रमुख संजय सिंह, परवेंद्र सिंह पम्मू, प्रबंधक सूर्यप्रकाश बबलू, विक्की सिंह, रतन सिंह राजू, सुनील सिंह, अजय निगम आदि मौजूद रहे।