करंजाकला। क्षेत्र के स्दिदीकपुर में स्थापित स्वायतशासी उमानाथ सिंह राजकीय मेडिकल कालेज में बृहस्पतिवार को एमबीबीएस की सौ सीटों के लिए दाखिला शुरू हो गया है। पहले दिन 17 छात्र-छात्राओं में दाखिला के लिए सत्यापन कराया। दूसरे जनपद से आए छात्र-छात्राओं को डीडी बनवाने के लिए परेशान होना पड़ा।
534 करोड़ की लागत से सिद्दीकपुर में नवनिर्मित निर्माणाधीन स्वायतशासी उमानाथ सिंह राजकीय मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई इसी सत्र में शुरू हो रही है। कुल 100 छात्र-छात्राओं का प्रवेश लिया जाना है। बृहस्पतिवार को कुल 17 छात्र-छात्राएं कालेज में दाखिला के लिए पहुंचे। इनमें सभी को शारीरिक परीक्षा एवं डीडी बनवाने के लिए भेज दिया गया। उसके बाद ही प्रवेश लिया जाएगा। एडमिशन सेल के इंचार्ज अविनाश तिवारी ने बताया कि कुल 87 बच्चों ने ऑनलाइन एलाटमेंट लिया है। इसमें से पहले दिन 17 बच्चे दाखिला के लिए आए थे। जिसमें से कुछ ही बच्चों का दाखिला हो पाया है। इनके अधूरे पेपर थे या डीडी नहीं थी, उनको अगले दिन आने के लिए कहा गया है। साथ ही ऑनलाइन के अलावा कुछ छात्र ऑफलाइन भी दाखिला के लिए आए हुए हैं। उनको 7 फरवरी तक का समय दिया गया है। उसके बीच में आकर को दाखिला ले सकते हैं। छात्र छात्राओं को डीडी के साथ एक शपथ पत्र तथा सिक्योरिटी मनी भी जमा करनी है। एमबीबीएस में दाखिला शुरू होते ही मेडिकल कालेज परिसर में चहल पहल शुरू हो गई है।