जौनपुर। लोकसभा चुनाव की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। पोलिंग पार्टियों को दिए जाने वाले मतदान सामग्री के थैले बांधने का काम निर्वाचन कार्यालय के नए भवन में शुरू हो गया है। वहीं, इस बार चुनाव आयोग द्वारा उपलब्ध मतदान करने के तरीके से संबंधित पोस्टर भी थैले में रखे जा रहे हैं। ये पोस्टर बूथों के बाहर चस्पा किए जाएंगे, ताकि वोटर आसानी से अपने मतदान कर सकें। जिले की दो लोकसभा सीटों जौनपुर और मछलीशहर में चुनाव सकुशल संपन्न कराने की तैयारी जोर शोर से हो रही है। इसके लिए पूरा प्रशासनिक अमला लगा हुआ है। मतदान कार्मिकों के दूसरे प्रशिक्षण की तैयारी की जा चुकी है। उनको दो मई से लेकर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा पोलिंग पार्टियां भी निर्धारित की जाएंगी। सभी पोलिंग पार्टियों को बूथों पर जाते समय एक थैला दिया जाएगा, जिसमें मतदान कराने से संबंधित सामग्री होगी। इसमें पीठासीन डायरी, ईवीएम, बीबी पैट, निर्वाचक नामावली, अमिट स्याही, कैंडिल व पेंसिल आदि सामान होंगे। वहीं, इस बार थैले में मतदान करने के तरीके से सबंधित एक पोस्टर रखे जा रहे हैं, जिन्हें बूथों के बाहर चस्पा किया जाएगा। सभी सामग्रियों को एकत्र कर थैले में रखने का काम जिला निर्वाचन कार्यालय के नए भवन में किया जा रहा है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी आरपी मिश्र ने बताया कि जिला निर्वाचन कार्यालय के नए भवन में बूथों पर मतदान कराने में लगने वाले सामानों को थैले में भरने का कार्य किया जा रहा है, जिसे पोलिंग पार्टियां बूथों पर जाते समय अपने साथ ले जाएंगे। इस बार थैले में मतदान करने के तरीके से संबंधित पोस्टर भी रखे जा रहे हैं, जिन्हें बूथों के बाहर चस्पा किया जाएगा। -