जौनपुर। जिला बास्केटबॉल संघ के तत्वावधान में जनपदीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन आगामी नौ नवंबर से टीडी कॉलेज के उमानाथ सिंह स्टेडियम में किया जाएगा।
तैयारी के लिए रविवार को जिला बास्केटबॉल संघ की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए संघ के सचिव लालबहादुर पाल ने बताया कि 18वीं होम टूर्नामेंट प्रतियोगिता चार प्रमुख वर्गों (सुपर सीनियर, सीनियर, जूनियर एवं महिला वर्ग) में आयोजित होगी। जिले की 21 टीमें प्रतिभा करेंगी। तीन दिवसीय आयोजन पूर्व बास्केटबॉल खिलाड़ी स्व. प्रमोद सिंह, मो. शाहिद और सौरभ सिंह की स्मृति में कराया जा रहा है। इसमें वरिष्ठ खिलाड़ियों के साथ-साथ युवा व बालिका वर्ग के खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने का अवसर दिया जा रहा है। प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता ज्ञान प्रकाश सिंह होंगे। प्रतियोगिता के दूसरे दिन का मुकाबला मोहम्मद हसन कॉलेज के मैदान पर प्राचार्य डॉ. अब्दुल कादिर खान व प्रधानाचार्य नासिर खान के निर्देशन में संपन्न कराया जाएगा। आयोजन के तीनों दिन बास्केटबॉल के वरिष्ठ खिलाड़ी मैदान में मौजूद रहकर खिलाड़ियों का मार्गदर्शन व उत्साहवर्धन करेंगे। कार्यक्रम का संचालन अनिकेत सिंह ने किया। इस अवसर पर वीरभद्र सिंह, भूपेंद्र प्रताप सिंह, जितेंद्र सिंह, रहमतुल्ला, चंद्र प्रताप सिंह, राकेश सिंह, वेद प्रकाश सिंह, डॉ. सत्य प्रकाश सिंह, डॉ. राजेश सिंह मौजूद रहे।