उरई। आंधी और बारिश का असर शनिवार को झांसी-कानपुर रेलखंड से गुजरने वाली ट्रेनों के संचालन पर भी दिखाई दिया। कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों देरी से पहुंचीं, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। पुणे से गोरखपुर जाने वाली दैनिक स्पेशल ट्रेन (01415) 10 घंटे 13 मिनट की देरी से पहुंची, जबकि गोरखपुर से पुणे जाने वाली दैनिक स्पेशल (01416) 19 घंटे 11 मिनट विलंब से संचालित हुई।
इसके अलावा हैदराबाद से गोरखपुर जाने वाली डेक्कन एक्सप्रेस (07075) 4 घंटे 31 मिनट, अयोध्या कैंट से उधना जाने वाली स्पेशल ट्रेन (09094) एक घंटा 29 मिनट, मुंबई से गोरखपुर जाने वाली दैनिक स्पेशल (01079) 6 घंटे 43 मिनट तथा गोरखपुर से मुंबई जाने वाली संत कबीर नगर एक्सप्रेस (20104) 4 घंटे 53 मिनट की देरी से पहुंची। वहीं गोरखपुर से मुंबई जाने वाली दैनिक स्पेशल ट्रेन (01080) भी 12 घंटे 57 मिनट विलंब से संचालित हुई। ट्रेनों से यात्रा करने वाले यात्रियों का कहना है कि लगातार देरी से चल रही ट्रेनों के कारण उन्हें न केवल सफर में परेशानी उठानी पड़ रही है, बल्कि अपने गंतव्य तक पहुंचने में भी कई घंटे अतिरिक्त लग रहे हैं। झांसी मंडल के पीआरओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मौसम की परिस्थितियों के बावजूद रेल संचालन को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है और ट्रेनों के सुरक्षित संचालन पर पूरा ध्यान दिया जा रहा है।