उरई। शहर के राठ रोड पर ट्रैवल्स ऑफिस संचालक व उसके साले पर तमंचे से फायरिंग करने वालों को पुलिस 36 घंटे बाद भी गिरफ्तार नहीं कर पाई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने के बाद आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की बात कही थी लेकिन अब भी पुलिस के हाथ खाली हैं।
शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुइया गांव निवासी सशेंद्र राजपूत राठ रोड स्थित इंडियन पेट्रोल पंप के पास शताब्दी ट्रैवल्स नाम से कार्यालय संचालित करते हैं। उनका साला आटा थाना क्षेत्र के ददरी गांव निवासी लवकुश राजपूत भी कार्यालय में उनकी मदद करता है। शुक्रवार रात बाइकों से करीब 15 लोग पहुंचे और सशेंद्र व उसके साले पर तमंचे से फायरिंग कर दी थी। इसके बाद उक्त लोगों ने तमंचे व कुल्हाड़ी की बट से दोनों घायल कर दिया था। वारदात से राठ रोड पर खलबली मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए यहां वहां भागने लगे थे। पुलिस ने आटा थाना क्षेत्र के ददरी व हाल तुफैलपुरवा निवासी विशाल राजपूत, सुनहेटा निवासी अमित राजपूत, बम्हौरी निवासी रोबिन राजपूत, हमीरपुर के सरीला थाना क्षेत्र के बरारा गांव निवासी राम विशाल, इंद्रा नगर निवासी साहिल व सात अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। मौके पर आरोपियों की तीन बाइकें भी छूट गई थी। 36 घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से उसे भी भय लग रहा है।