संवाद न्यूज एजेंसी
जालौन। काशीपुरा माइनर में टेल तक पानी न पहुंचने से क्षेत्र के किसान परेशान हैं। किसानों ने डीएम से नहरों को फुलगेज से चलाने की मांग की है ताकि खेतों में सिंचाई हो सके।
बता दें कि सिंचाई के लिए नहरों में पानी भी छोड़ा जा चुका है लेकिन अभी तक काशीपुरा माइनर में टेल तक पानी नहीं पहुंचा है। जिसके चलते कुठौंदा बुजुर्ग व आसपास के किसान सिंचाई के लिए परेशान हैं। किसान गजेंद्र सिंह सेंगर, आकाश सिंह, शिवपाल, बृजभान सिंह, धर्मेंद्र सिंह, नागेंद्र सिंह आदि ने बताया कि काशीपुरा माइनर में टेल तक पानी न पहुंचने से अभी तक खेतों में पलेवा भी नहीं हुआ है, सिंचाई तो दूर की बात है। जिन खेतों में पलेवा होकर फसल बोई जा चुकी है, उन किसानों को खेतों में सिंचाई की आवश्यकता है, लेकिन गांव तक पानी न आने के कारण सिंचाई नहीं हो पा रही है। किसानों ने जिलाधिकारी डॉ. मन्नान अख्तर से मांग की है कि माइनर में अवरोधक लगाने वाले किसानों के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही नहरों को फुल गेज से चलाया जाए ताकि टेल तक पानी पहुंच सके और किसान अपने खेतों की सिंचाई कर सकें।