कालपी। अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल किसान की सोमवार को कानपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई। वह खेतों से अन्ना मवेशियों को भगा रहे थे, तभी किसी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी थी।
कोतवाली क्षेत्र के काशीखेड़ा गांव निवासी अखिलेश कुमार (45) खेती कर परिवार का भरण पोषण करते थे। परिजनों ने बताया कि छह अक्तूबर को रात करीब आठ बजे वह खेतों में घुसे अन्ना मवेशियों को भगा रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें मेडिकल कॉलेज ले गए, यहां से उन्हें कानपुर रेफर कर दिया। वहीं उनका इलाज चल रहा था। सोमवार की सुबह किसान की इलाज के दौरान मौत हो गई। किसान की मौत से पत्नी सुषमा, पुत्र अरुण व लालू का रो-रोकर बुरा हाल है। सीओ एके सिंह का कहना है कि वाहन चालक की तलाश की जा रही है। (संवाद)