उरई। जिला अधिवक्ता संघ के प्रतिष्ठापूर्ण चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया चार मार्च को जिला अधिवक्ता संघ के राजेंद्र रावत सभागार में होगी। मुख्य चुनाव अधिकारी धीरेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया कोविड नियमों का पालन करते हुए पूरी की जाएगी। इसमें चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों के लिए योग्यता व नामांकन राशि तय कर दी गई है। अध्यक्ष पद के लिए 25 साल का अनुभव होना चाहिए। बाकी पदों के लिए भी अलग-अलग अनुभव और नामांकन राशि तय की गई है।
उन्होंने बताया कि नामांकन करने वाले अधिवक्ता को अपना सीओपी नंबर, प्रमाणपत्र व पहचान पत्र की छायाप्रति जमा करना जरूरी है। नामांकन में वही अधिवक्ता भाग ले सकेंगे, जिनके नाम मतदाता सूची में दर्ज है। सहायक चुनाव अधिकारी राजेश चतुर्वेदी, राजाराम ज्ञानी, सुधीर मिश्रा, प्रमोद वर्मा, शिवकांत पाठक, ब्रजराज रिछारा, राघवेंद्र सिंह, गोपाल श्रीवास्तव ने बताया कि जो भी अधिवक्ता चुनाव लड़ना चाह रहे हैं। वह अपने कागजातों के साथ नामांकन दाखिल करें। नामांकन संबंधी तैयारियां पूरी कर ली गई है। उधर, अधिवक्ताओं ने भी चुनाव के लिए जोर आजमाइश शुरू कर दी है। शहर में कई स्थानों पर होर्डिंग और पोस्टर लगा दिए गए हैं। अब कौन-कौन से उम्मीदवार मैदान में आते है। यह नामांकन दाखिल होने के बाद साफ होगा। नामांकन वापसी सात मार्च को होगी। मतदान 14 मार्च को होगा। उसी दिन मतगणना भी होगी।