उरई/मुहम्मदाबाद। जिला अस्पताल और राजकीय मेडिकल कालेज में बनाए गए वार्ड में रोजाना बड़ी संख्या में बाहर से लौटे लोग और खांसी जुकाम से पीड़ित मरीज पहुंच रहे हैं। हालांकि एक भी मरीज संदिग्ध नहीं मिला। डीएम डा. मन्नान अख्तर और एसपी डा. सतीश कुमार ने जिला अस्पताल स्थित आइसोलेशन वार्ड का निरीक्षण किया। वहां गाजियाबाद से लौटे युवक की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। डीएम ने स्टाफ को हिदायत दी कि जितने भी मरीज आए, सभी की जांच की जाए, साथ ही उन्हें कोरोना व अन्य बीमारियों के बारे में अंतर समझाएं ताकि वे भ्रम में न रहें। उधर, राजकीय मेडिकल कालेज में भी मरीजों की भीड़ उमड़ी। ओपीडी के बाहर बैठकर डाक्टरों की टीम ने मरीजों की जांच की।
मुहम्मदाबाद प्रतिनिधि के मुताबिक, मुहम्मदाबाद, कुसमिलिया, डकोर आदि में पुलिस व प्रशासन की टीम ने गांव गांव जाकर मुनादी कराई कि जो भी व्यक्ति बाहर से लौटे है, वे अपनी सरकारी अस्पताल में जाकर जांच करा लें। जो भी व्यक्ति जांच नहीं कराएगा, शिकायत मिलने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम सतेंद्र सिंह ने प्रधानों से बाहर से लौटे लोगों की सूची बनाने और उनकी निगरानी करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि गांव में कोई भूखा न रहने दिया जाए। उधर ऊमरी कस्बे में सुबह खुले बाजार में खानपान का सामग्री खरीदने को भीड़ उमड़ी।

राजकीय मेडिकल कॉलेज में डाक्टरों की टीम मरीज देखती- फोटो : ORAI

जिला अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड में मरीजों से पूछताछ करते डीएम मन्नान अख्तर एसपी सतीश कुमार- फोटो : ORAI

राजकीय मेडिकल कॉलेज में जांचकर्ता स्वास्थ्य कर्मी- फोटो : ORAI