कदौरा(जालौन)। गैर संचारी रोग अभियान पखवाड़ा के कार्यों में लापरवाही बरतने पर चिकित्सा अधीक्षक ने 9 एएनएम का एक दिन का वेतन काट दिया और वेतन वृद्धि पर रोक लगाने के लिए सीएमओ को पत्र लिखा। इस कार्रवाई से स्वास्थ्य कर्मियों में हड़कंप मच गया।
बुधवार को गैर संचारी रोग अभियान पखवाड़ा के अंतर्गत सीएचसी परिसर में बैठक का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता चिकित्सा अधीक्षक डा. अशोक कुमार ने की। बैठक में गैर संचारी रोग अभियान पखवाड़ा के अंतर्गत किए गए कार्यों की समीक्षा की गई, जिसमें स्क्रीनिंग कर ऐप में अपलोड न करने पर नाराजगी जाहिर करते हुए एएनएमों को सख्त हिदायत दी और एएनएम प्रियंका राठौर व विद्या बाथम कदौरा, शांति चतेला, सुनीता आटा, मिथलेश गुप्ता पाली, अपशा बेगम संदी, उषा पांडे उसरगांव, लौंगश्री बागी व ममता गुप्ता गुलौली का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। साथ ही वेतन वृद्धि पर रोक लगाने के लिए सीएमओ अल्पना बरतरिया को पत्र लिखा। चिकित्सा अधीक्षक डा. अशोक कुमार ने बताया कि 16 जनवरी से 15 फरवरी तक गैर संचारी रोग अभियान पखवाड़ा चलाया जा रहा है, जिससे गांव में स्वास्थ्य टीमें स्क्रीनिंग ऐप की मदद से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच करते समय स्क्रीनिंग जरूर करें और उनको बचाव की सलाह दें। साथ ही ध्यान दें कि कोई भी जांच से वंचित न रहे। लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।