Hathras: बुकर पुरस्कार विजेता लेखिका के खिलाफ दी तहरीर, शिव-पार्वती पर आपत्तिजनक बातें लिखने का लगाया आरोप
पुराना डाकघर रोड सर्वोदय नगर निवासी संदीप कुमार पाठक पुत्र राधेश्याम पाठक ने तहरीर में कहा है कि इस उपन्यास में हिंदू धर्म के देवता, भगवान शिव और माता पार्वती के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई हैं।
विस्तार
उपन्यास रेत समाधि के लिए प्रतिष्ठित बुकर पुरस्कार से सम्मानित लेखिका गीतांजलि श्री के खिलाफ कस्बे निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली में तहरीर दी है। उपन्यास के प्रकाशक को भी तहरीर में आरोपित किया गया है। इस मामले में मुकदमा दर्ज न होने पर शिकायतकर्ता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पुलिस महानिदेशक को ट्वीट कर शिकायत की है।
पुराना डाकघर रोड सर्वोदय नगर निवासी संदीप कुमार पाठक पुत्र राधेश्याम पाठक ने तहरीर में कहा है कि इस उपन्यास में हिंदू धर्म के देवता, भगवान शिव और माता पार्वती के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई हैं। यह टिप्पणियां हिंदू धर्मावलंबियों की भावनाओं को आहत करने वाली हैं।
उपन्यास के पेज संख्या 222 पर उपन्यासकार द्वारा भगवान शिव और माता पार्वती को लेकर अत्यंत अश्लील बातें लिखी गई हैं। उपन्यासकार गीतांजलि श्री व प्रकाशक राजकमल प्रकाशन प्राइवेट लिमिटेड ने समाज में हिंदू देवी-देवताओं के प्रति अश्लील शब्दावली का प्रयोग कर धार्मिक भावनाओं को आहत करने का अपराध किया गया है, इसलिए उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
फिलहाल पांच दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की है। इस पर संदीप पाठक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डीजीपी को ट्वीट कर इस मामले में कार्रवाई करने की मांग की है। कोतवाल सादाबाद ने बताया किताब मंगाकर देखी जाएगी और उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।