Hathras: रोडवेज बस में लगी आग, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान, ललितपुर में कानपुर के युवक की मौत
किसी तरह बस के चालक ने बस को मोड़कर एक सर्विस सेंटर के सामने खड़ा किया लेकिन रात होने के कारण सर्विस सेंटर बंद था। इधर, फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी फाटक बंद होने से जाम में फंस गई। थोड़ी देर में बस आग का गोला बन गई।
विस्तार
हाथरस के सिकंदराराऊ क्षेत्र में रविवार रात 2:00 बजे एटा रोड पर एक ढाबे के सामने जाम में फंसी रोडवेज बस की बैटरी में स्पार्किंग होने से आग लग गई। आगे बैठी सवारियों ने देखा कि बस के बैटरी बॉक्स में तेजी से चिंगारी के बाद धुआं निकल रहा है तो इसकी उसने तत्काल कंडक्टर को सूचना दी। कंडक्टर ने सबसे पहले 40 यात्रियों को गाड़ी से नीचे उतारकर सुरक्षित किया।
यात्री जब तक नीचे उतर पाते तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया था। किसी तरह बस के चालक ने बस को मोड़कर एक सर्विस सेंटर के सामने खड़ा किया लेकिन रात होने के कारण सर्विस सेंटर बंद था। इधर, फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी फाटक बंद होने से जाम में फंस गई। थोड़ी देर में बस आग का गोला बन गई। उसके बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंच गई तथा उसने आग पर काबू पा लिया। बस कंडक्टर कृष्ण कुमार मिश्रा ने बताया कि यह आग बैटरी बॉक्स में स्पार्किंग के बाद लगी। बस दिल्ली के आनंद विहार बस स्टैंड से मोहम्मदाबाद जा रही थी।
खड़े ट्रक में कंटेनर ने मारी टक्कर,एक की मौत
ललितपुर के तालबेहट कोतवाली क्षेत्र के गांव कड़ेसरा कलां के पास ढाबे में खड़े ट्रक में तेज गति से आ रहे कंटेनर ने टक्कर मार दी। इस घटना में कानपुर के रसूलाबाद निवासी कल्लू की मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।