हाथरस में टीका बना काल: 12 दिन बाद दो साल के मासूम की बुखार से मौत, स्वास्थ्य विभाग पर अनदेखी करने का आरोप
दो साल के कुश को 20 जुलाई को गांव में खसरा व डीपीटी का टीका लगाया गया था। परिजनों ने बताया कि टीका लगने के बाद से ही बच्चे को बुखार आ गया।
विस्तार
कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव वाहनपुर में टीका लगने के बाद बच्चे को बुखार आ गया। इसके 12 दिन बाद बच्चे ही हालत ज्यादा खराब होने पर परिजन उसे शहर के अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से उसे गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। वहां बच्चे की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग के लोगों पर अनदेखी करने का आरोप लगाया है।
जंक्शन क्षेत्र के गांव वाहनपुर निवासी राजकुमार के दो साल के बेटे कुश को 20 जुलाई को गांव में खसरा व डीपीटी का टीका लगाया गया था। परिजनों ने बताया कि टीका लगने के बाद से ही बच्चे को बुखार आ गया। इसकी जानकारी सीएचसी के स्वास्थ्य कर्मियों व एएनएम को दी गई। उन्होंने कुछ दिन में बच्चे के ठीक होने की बात कह दी। तभी से बच्चे को लगातार बुखार आ रहा था।
रविवार को बच्चे की हालत एकदम से ज्यादा खराब हो गई। परिजन उसे शहर के अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां से बच्चे को गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बच्चे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजन बच्चे का शव लेकर गांव आ गए।
इस मामले में अगर बच्चे के परिवार के लोग शिकायत देते हैं तो मामले की जांच कराई जाएगी। हालांकि टीका लगने से किसी भी बच्चे की मौत नहीं होती है। टीका पूरी तरह से सुरक्षित है। बच्चे की मौत का कोई अन्य कारण रहा होगा, फिर भी शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी। -डॉ. मंजीत सिंह, सीएमओ हाथरस