Hathras: वाहन चोरी के घटनाओं का खुलासा, गिरोह के पांच बदमाश गिरफ्तार, नकदी-कार व वाहनों के पुर्जे बरामद
हाथरस पुलिस ने पांच वाहन चोर गिरफ्तार किए हैं। आरोपियों की निशानदेही पर 150000 रुपये की नगदी, छह मालवाहक वाहन, गाड़ियों के पुर्जे, सात मोबाइल, क्रेटा कार व दस्तावेज बरामद हुए हैं।
विस्तार
हाथरस थाना सदर कोतवाली पुलिस व एंटी थेप्ट टीम ने वाहन चोर गिरोह के पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा कर दिया। गिरफ्तार आरोपियों में दो आगरा व एक मध्य प्रदेश के जिला शिवपुरी का निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 1,50,000 रुपये की नकदी, कार व वाहनों के पुर्जे बरामद किए हैं।
सदर कोतवाली क्षेत्र के जलेसर रोड की बलराम कॉलोनी निवासी पुष्पेंद्र्र राठौर पुत्र सुंदरलाल ने 26 फरवरी को मुकदमा दर्ज कराते हुए कहा था कि उनका कैंटर महावीर ट्रांसपोर्ट आगरा रोड पर खड़ा था। अज्ञात चोरों ने उनका कैंटर चोरी कर लिया। इसी तरह जान मोहम्मद निवासी पत्थर वाली रोड थाना हाथरस गेट ने भी सदर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराते हुए कहा था कि 20 मार्च की रात्रि में उनके ट्रक के चालक ने ट्रक मधुगढ़ी में झा हॉस्पिटल के पास खड़ा किया था, जिसे अज्ञात चोरों ने चोरी कर लिया है।
एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने दोनों घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन किया था। एसपी ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एंटी थेफ्ट टीम को भी लगाया था। सीओ सदर योगेंद्रकृष्ण नारायण ने बताया कि चोरी की गाड़ियों को काटकर सस्ते दामो में बेचने वाले गिरोह के पांच बदमाशों को आरपीएम बंबा व आगरा के थाना खंदौली क्षेत्र के गांव नंदलालपुर स्थिति कबाड़ के गोदाम से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर 150000 रुपये की नगदी, छह मालवाहक वाहन, गाड़ियों के पुर्जे, सात मोबाइल, क्रेटा कार व दस्तावेज बरामद हुए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों ने अपने नाम सिद्धार्थ अग्रवाल निवासी छिली ईंट रोड थाना हरीपर्वत जिला जनपद आगरा, सूरज राठौर निवासी आजाद नगर खंदारी थाना हरीपर्वत जनपद आगरा, प्रमोद राठौर निवासी लक्ष्मीनगर थाना सदर कोतवाली हाथरस, आरिफ निवासी वाते खां मिस्त्री गली फिजिकल रोड पुरानी शिवपुरी थाना फिजिकल जनपद शिवपुरी मध्य प्रदेश व अमन खां पुत्र मोहम्मद वाहिद निवासी पुरानी शिवपुरी इमामवाड़ा देहात थाना जनपद शिवपुरी मध्य प्रदेश जनपद हाथरस हाल निवासी इंदिरा नगर कमल स्कूल के पास थाना हाथरस गेट बताए।
गिरोह के सदस्यों ने बांट रखे थे कार्य
गिरोह के सदस्यों ने कार्यों को आपस में बांट रखा था। गैंग के कुछ सदस्य चोरी करते थे और कुछ सदस्य गाड़ियों को काटते थे, जबकि कुछ सदस्य इन्हें कबाड़ करने के बाद सस्ते दामो में बेचते थे। गिरोह के सदस्य सिद्धार्थ अग्रवाल ने अपना कबाड़ का कार्य करने के नाम पर एक गोदाम आगरा में खंदौली से टेड़ी बगिया के बीच गांव नंदलालपुर में अनिलदत्त शर्मा के बेटे सौरभ से किराये पर ले रखा है। चोरी करने के उपरांत आरोपी गोदाम में ले जाकर गैस कटर के माध्यम से गाड़ियों को काट देते थे और कबाड़ बनाकर गाड़ियों के पुर्जे-पुर्जे अलग-अलग कर बाजार में बेच देते थे। प्राप्त रुपयों को आपस में बांट लेते हैं।
आरिफ व अमन गोदाम पर रहकर गाड़ियां काटने का कार्य करते थे। सिद्धार्थ अग्रवाल, सूरज राठौर पुत्र बबली राठौर निवासी खंदारी आगरा, हाथरस निवासी प्रमोद राठौर पुत्र शंकरलाल, हिमांशु पुत्र हरीशंकर कुशवाहा, कुलदीप पुत्र दिनेशचंद्र साथ मिलकर गाड़ियां चोरी करते हैं। सूरज राठौर व सिद्धार्थ अग्रवाल ट्रांसपोर्ट का भी काम करते हैं।