Hathras News: 22 साल पुरानी हत्या का बदला लेने के लिए मारा किसान को, दो आरोपी गिरफ्तार
हत्याकांड में कुल चार आरोपियों के नाम प्रकाश में आए हैं। इनमें से आरोपी लोकेश व कन्हैया को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। आरोपी प्रमोद पूर्व से जेल में है। उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। विष्णु फरार है।
विस्तार
हाथरस में कोतवाली सासनी क्षेत्र के गांव खिटौली में पांच दिन पूर्व गोली मारकर की गई बुजुर्ग की हत्या का शनिवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक वर्ष 2001 में हुई युवक की हत्या का बदला लेने के लिए वृद्ध की हत्या की गई थी। घटना का मास्टरमाइंड हत्याकांड से पहले ही अपनी जमानत तुड़वाकर जेल चला गया था। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बाकी आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। पकड़े गए आरोपियों से पुलिस ने एक बाइक, एक रिवॉल्वर और कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस लाइन में शनिवार को पुलिस अधीक्षक देवेश कुमार पांडेय ने बताया कि एक अगस्त को कोतवाली सासनी क्षेत्र के गांव खिटौली कटैलिया निवासी रवेंद्र सिंह पुत्र डिप्टी सिंह ने पुलिस को सूचना दी कि उसके पिता डिप्टी सिंह पुत्र चंद्रसेन अपने गांव से खेतों की तरफ जा रहे थे। तभी रास्ते में अज्ञात मोटरसाइकिल सवार तीन व्यक्तियों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी है।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया। हत्याकांड के खुलासे व आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसपी ने थाना कोतवाली सासनी पुलिस, एसओजी व स्वॉट टीम को लगाया था। प्रारंभिक जांच में किसी पेशेवर अपराधी द्वारा घटना कारित करना प्रतीत हुआ। पुलिस ने घटना में प्रकाश में आए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक घटना में शामिल लोकेश पुत्र मान सिंह व कन्हैया पुत्र सूरजपाल सिंह निवासीगण प्रेम नगर कॉलोनी सीयल खेड़ा अशोका टाकीज के पास कोतवाली सदर को इगलास रोड से गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक रिवॉल्वर 32 बोर, चार कारतूस 32 बोर व एक बाइक बरामद की गई है।
हत्या से पहले मास्टमाइंड जमानत तुड़वाकर गया जेल
खिटौली निवासी अभियुक्त प्रमोद व विष्णु पुत्रगण लाल बहादुर के भाई बबलू की वर्ष 2001 में हुई हत्या के मामले में मृतक डिप्टी सिंह व उसका पुत्र रवेंद्र जेल गए थे। इस कारण प्रमोद व विष्णु डिप्टी सिंह से रंजिश रखते थे। डिप्टी सिंह की हत्या कर अपने भाई बबलू की हत्या का बदला लेना चाहते थे। इसके चलते शातिर अपराधी प्रमोद ने अपने दोस्त लोकेश, कन्हैया व भाई विष्णु के साथ मिलकर 25 जुलाई को डिप्टी सिंह की हत्या करने की योजना बनाई।
प्रमोद स्वयं अलीगढ़ जिले के थाना क्वार्सी के हत्या के पुराने मुकदमे में जमानत तुड़वाकर 31 जुलाई को न्यायालय में हाजिर होकर जेल चला गया, जिससे डिप्टी सिंह की हत्या के बाद उनके परिजन उसके विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज कराएं और वह मुकदमे से छूट जाए। इसी योजना के अनुसार उसने अभियुक्त विष्णु व लोकेश एवं कन्हैया के साथ मिलकर एक जुलाई को डिप्टी सिंह की गोली मारकर हत्या की थी।
मास्टर माइंड पर कई जिलों में दर्ज हैं मुकदमे
हत्याकांड में कुल चार आरोपियों के नाम प्रकाश में आए हैं। इनमें से आरोपी लोकेश व कन्हैया को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। आरोपी प्रमोद पूर्व से जेल में है। उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। विष्णु फरार है। एसपी ने बताया कि प्रमोद व विष्णु पूर्व में जेल जा चुके हैं। आरोपी प्रमोद के विरुद्ध जनपद हाथरस, अलीगढ़ व आगरा में हत्या, लूट व गैंगस्टर आदि के मुकदमे दर्ज हैं।