Hathras News: कन्फेक्शनरी की दुकान-चलते टेंपो व करब में लगी आग, लाखों का नुकसान
आगरा रोड पर 22 दिसंबर की शाम चलते टेंपो में आग लग गई। अचानक इंजन से आग उठने पर चालक टेंपो छोड़कर भाग गया।
विस्तार
हाथरस के किला रोड स्थित कन्फेक्शनरी की दुकान में शॉर्ट सर्किट से 22 दिसंबर सुबह आग लग गई। हादसे में दुकान में रखा सामान जलकर रखा हो गया। दुकान मालिक को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
किला गेट निवासी विष्णु की किला रोड पर ही कन्फेक्शनरी की दुकान है। 21 दिसंबर की रात वह दुकान बंद करके गए थे। सुबह चार बजे पड़ोसियों से सूचना मिली कि दुकान में आग लग गई है। विष्णु आनन-फानन दुकान पर पहुंचे। दुकान के अंदर से लपटें उठ रहीं थीं। शटर बंद था। फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। दो फायर टेंडर के साथ दमकल कर्मी मौके पर पहुंच गए।
लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया था। दुकान में खाने-पीने का सामान, फ्रिज, फर्नीचर आदि सामान जल गया। पीड़ित ने बताया कि लाखों का नुकसान हुआ है। सीएफओ आरके वाजपेयी ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल मौके पर पहुंच गई थी, आग पर काबू पाया। हादसा शॉर्ट सर्किट से बताया जा रहा है। जांच के बाद स्थिति साफ होगी।
चलते टेंपो में लगी आग
आगरा रोड पर 22 दिसंबर की शाम चलते टेंपो में आग लग गई। अचानक इंजन से आग उठने पर चालक टेंपो छोड़कर भाग गया। थोड़ी देर में ही आग ने टेंपो को पूरी तरह चपेट में ले लिया। इस दौरान यातायात भी बाधित हुआ। लगभग आधा घंटे तक टेंपो धूं-धूं कर जलता रहा। गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। सीएफओ आरके वाजपेयी ने बताया कि आग लगने की वजह की जांच की जा रही है।
करब में लगाई आग, विरोध पर पीटा
सहपऊ में गांव महरारा के माजरा नवलपुर में कुछ लोगों ने किसान की बाजरे की करब में आग लगा दी। गांव के विजयपाल यादव के खेत पर करब रखी हुई थी। आरोप है कि कुछ लोगों ने जानबूझ कर करब में आग लगा दी। विरोध करने पर पीट दिया। किसान ने सहपऊ कोतवाली में शिकायत की है। एसओ सहपऊ मयंक चौधरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।