फर्जी जन्मप्रमाण पत्र: कुशीनगर में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर गिरफ्तार, बेची थीं वीडीओ की आईडी और पासवर्ड
मामले में पुलिस ने 1 सितंबर को सोनालाल कुमार निवासी गांव ढेकहा, थाना पीपरा कोठी, जनपद पूर्वी चंपारण बिहार को गिरफ्तार किया था। उससे की गई पूछताछ में अभियुक्त अरविंद प्रसाद निवासी लक्ष्मीपुर बुजुर्ग थाना तमकुहीरा जनपद कुशीनगर का नाम सामने आया।
विस्तार
थाना सिकंदराराऊ पुलिस एवं साइबर थाना पुलिस ने हाथरस के चार ग्राम पंचायत अधिकारियों की सीआरएस पोर्टल की आईडी से फर्जी जन्म प्रमाणपत्र बनाने के मामले में कुशीनगर निवासी अरविंद प्रसाद को गिरफ्तार किया है। वह कुशीनगर जिले के ब्लॉक तयसोई में संविदा पर कंप्यूटर ऑपरेटर का कार्य करता है। पुलिस का दावा है कि इसी ने ग्राम पंचायत अधिकारियों की आईडी और पासवर्ड चोरी कर बेचे थे। इसके कब्जे से 14 जन्म प्रमाणपत्रों की प्रतियां भी बरामद हुई हैं।
इस मामले में पुलिस ने 1 सितंबर को सोनालाल कुमार निवासी गांव ढेकहा, थाना पीपरा कोठी, जनपद पूर्वी चंपारण बिहार को गिरफ्तार किया था। उससे की गई पूछताछ में अभियुक्त अरविंद प्रसाद निवासी लक्ष्मीपुर बुजुर्ग थाना तमकुहीरा जनपद कुशीनगर का नाम सामने आया। पुलिस ने उसे 17 सितंबर को कासगंज रोड स्थित सरदला पुल के नीचे से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त अरविंद ने पूछताछ में बताया कि वह कुशीनगर में ब्लॉक तयसोई में संविदा पर कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। पैसे लेकर मेल आईडी और पासवर्ड बेच देता था।
अमर उजाला ने किया था फर्जी जन्म प्रमाणत्र जारी होने का खुलासा
हसायन ब्लॉक की ग्राम पंचायत सिंचावली सानी, सादाबाद की रहपुरा, बीजलपुर और पट्टी बहराम के ग्राम पंचायत अधिकारियों की सीआरएस पोर्टल की आईडी से 47 जिलों के लोगों को 2199 फर्जी जन्म प्रमाणपत्र जारी हुए थे। अमर उजाला के इस मामले को उजागर करने के बाद शासन से रिपोर्ट तलब की गई थी। ग्राम पंचायत अधिकारी सिंचावली सानी ईश्वरचंद ने हसायन कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। इसकी जांच कोतवाली सिकंदराराऊ के प्रभारी और साइबर सेल कर रही है।
कुशीनगर से मथुरा और वहां से बिहार में बेची गई थी आईडी
पुलिस की जांच में ग्राम पंचायत अधिकारियों की सीआरएस पोर्टल आईडी से जन्म प्रमाण पत्र मामले में लगातार नए तथ्य सामने आ रहे हैं। अब यह तथ्य सामने आया है कि सीआरएस आईडी को कुशीनगर के संविदा कर्मी अरविंद प्रसाद ने मथुरा के रहने वाले प्रिंस नामक युवक को 19 हजार रुपये में बेचा था। इसके बाद यह आईडी प्रिंस ने बिहार के सोनालाल को 25 हजार रुपये में बेची। इसी तरह से यह आईडी कई जिलों में फैलती चली गई। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
जन्म प्रमाण पत्र मामले में कुशीनगर के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी। -श्यामवीर सिंह, सीओ सिकंदराराऊ।