शौचालयों में अनियमितताओं की शिकायत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हाथरस। सपा के पूर्व एमएलसी डॉ. राकेश सिंह राना ने डीएम को एक पत्र भेजा है। इसमें वर्ष 2012-13, 2013-14, 2014-15 एवं 2015-16 के डॉ. राममनोहर लोहिया ग्राम विकास योजना के चयनित गांवों में कराए गए शौचालय निर्माण में बडे़ पैमाने पर अनियमितताएं होने की शिकायत की है। उन्होंने कार्यों की जांच कराकर विधिवत रूप से कार्रवाई करने की मांग की है।
राना ने शिकायत में कहा है कि जितनी भी धनराशि ग्राम पंचायतों को भेजी गई है, उसका सभी ग्राम पंचायतों में उपभोग दिखा दिया गया है। इस काम में अधिकारी एवं कर्मचारियों की भी मिलीभगत होने की शिकायत की है। उन्होंने कहा कि शासनादेश के अनुसार चयनित लोहिया गांव के हर घर में शौचालय का निर्माण होना था, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। कुछ घरों में ही शौचालय का निर्माण कराया गया है। उन्होंने कहा कि सिकंदराराऊ ब्लॉक के गांव आरिफपुर-भोगपुर में 150 शौचालयों की धनराशि दी गई है, जबकि 103 शौचालयों का ही निर्माण कराया गया है। उन्होंने कहा कि शासन की इस योजना का संचालन कागजों में सिमटकर रह जाना काफी आपत्तिजनक है। उन्होंने इसकी जांच कराकर विधिवत रूप से कार्रवाई की मांग की।
अभी शिकायत मेरी जानकारी में नहीं है। शौचालय निर्माण में पारदर्शिता का पूरा ख्याल रखा गया है, फिर भी शिकायत आएगी तो निष्पक्ष रूप से जांच कराई जाएगी। -जगदीश राम गौतम, डीपीआरओ हाथरस