{"_id":"7-17842","slug":"Hathras-17842-7","type":"story","status":"publish","title_hn":"आज घर-घर होगा होलिका का दहन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
आज घर-घर होगा होलिका का दहन
Hathras
Updated Sun, 16 Mar 2014 05:30 AM IST
विज्ञापन
हाथरस। होली के मौके पर आज घर-घर में होली रखी जाएगी। महिलाएं सबसे पहले शहर के प्रमुख स्थानों पर पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद मंदिरों में भगवान के साथ भी होली खेली जाएगी। घर-घर में लोग अपने आंगन में प्रति वर्ष रखी जाने वाली होलिका दहन स्थल पर रंगोली बनाकर उस पर गूलरी की छोटी होली रखेंगे। यहां पर दीया जलाकर आरती उतारी जाएगी। महिला हो या पुरुष या बच्चे सभी होली की तैयारियों में जुटे हुए हैं। शहर में विभिन्न चौराहों पर रखी जाने वाली बड़ी होली की शनिवार की देर रात तक लोग तैयारियों में जुटे हुए थे। किला गेट, मुरसान गेट, गंदा कुआं, होली वाली गली, बुर्ज वाला कुआं पर शनिवार की शाम लोग तैयारियों में लगे रहे। होलिका दहन के लिए मंगवाई गई लकड़ियों की गठरी बनाकर होलिका स्थल पर रखी जा रही थीं। प्रमुख स्थानों पर तोरण द्वार और चांदनी लगवाई जा रही थी। होलिका दहन के समय समुचित विद्युत व्यवस्था के लिए आकर्षक विद्युत झालरें भी लगाई जा रही थीं।
विज्ञापन