हरपालपुर। कृषि कानूनों के विरोध और किसानों के समर्थन में किसान साइकिल यात्रा निकालने का सपा जिला महासचिव का मंसूबा धरा रह गया। भनक लगते ही अरवल पुलिस ने सपा नेता को परिवार सहित घर में ही नजरबंद कर दिया। सपा नेता ने घर से निकलने का प्रयास भी किया, लेकिन पुलिस के साथ तीखी नोकझोंक के बाद उन्हें बैकफुट पर जाना पड़ा।
सपा के जिला महासचिव वीरेंद्र सिंह यादव, उनकी पत्नी जिला पंचायत सदस्य अनीता यादव, पुत्री संध्या यादव, समर्थक हरविंदर सिंह, गोलू यादव आदि गुरुवार को किसान साइकिल यात्रा निकालने की तैयारी कर रहे थे। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक भी वीरेंद्र यादव के अरवल थाना क्षेत्र के बरगदियापुरवा स्थित आवास पर भी एकत्र हो गए थे। इसी बीच अरवल के थानाध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह को इसकी भनक लग गई और वह पुलिस बल के साथ वीरेंद्र यादव के आवास पर पहुंच गए। वीरेंद्र यादव को घर से बाहर ही नहीं निकलने दिया गया। घर से बाहर निकलने से रोके जाने पर सपा नेता की पुलिस से तीखी नोकझोंक भी हुई।