सांडी। तेंदुए के बाद अफवाह फैलाने वाले बाइकर्स भी कस्बे के बाशिंदों के लिए मुसीबत का सबब बने हैं। सोमवार देर शाम कस्बे में दो बाइक पर निकले चार युवाओं ने तेंदुआ दिखा, तेंदुआ दिखा का शोर मचाते हुए कस्बे का सफर तय किया, तो अफरा तफरी मच गई। बडी़ संख्या में लोग गुलाब महाविद्यालय के निकट एकत्र हो गए। जानकारी पर पुलिस भी पहुंच गई।
सोमवार शाम लगभग साढ़े सात बजे कस्बे के मुख्य मार्ग पर कुछ युवा बाइक से तेंदुआ दिखने का शोर मचाते हुए निकले। इसके बाद कस्बे के मुख्य मार्ग पर अफरा तफरी मच गई। कई लोगों ने अपने मकानों के दरवाजे बंद कर लिए। इसी बीच हवा उड़ी कि तेंदुआ गुलाब महाविद्यालय परिसर में है, तो बड़ी संख्या में कस्बे के बाशिंदे मौके पर पहुंच गए। इसकी जानकारी पर कस्बा चौकी प्रभारी रजनीश त्रिपाठी भी गुलाब महाविद्यालय के निकट पहुंच गए। खबर लिखे जाने तक मौके पर भीड़ लगी हुई थी।