हरदोई। उपलब्धियां बताने के लिए बुलाई गई पत्रकार वार्ता में क्षेत्र की खराब बिजली व्यवस्था को लेकर किए गए सवाल पर संडीला विधायक राज कुमार अग्रवाल बिफर पड़े। तल्ख लहजे में विधायक ने कहा कि साठ साल का कोढ़ ढो रहा हूं। समस्याएं जल्द ही दूर हो जाएंगी।
भरावन ब्लाक मुख्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए संडीला विधायक राज कुमार अग्रवाल ने कहा कि अपने साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल में बहुत सारे विकास कार्य कराए हैं। विधानसभाक्षेत्र में 400 हैंडपंप लगवाए, 1600 लाइट लगवाईं, इटौंजा में पावर हाउस बनवाया, ढाई सौ लोगों को इलाज के लिए मुख्यमंत्री से सहायता दिलाई। भरावन क्षेत्र में बिजली की जर्जर लाइने और हफ्तों बिजली न आने के सवाल पर संडीला विधायक बिफर पड़े। उन्होंने कहा कि साठ वर्ष का कोढ़ ढो रहा हूं। समस्याओं का निस्तारण कराने की हर संभव कोशिश की जा रही है। समस्या का निजात जल्द हो जाएगा। पत्रकार वार्ता के दौरान भरावन के ब्लाक प्रमुख विनोद सिंह तोमर, मिश्रिख सांसद के प्रतिनिधि नरेंद्र वाजपेयी, दीपू भदौरिया आदि मौजूद रहे।