आंधी-बारिश का कहर, मासूम समेत पांच की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भीषण गर्मी के बीच बुधवार दोपहर बाद आई आंधी-पानी ने शहर से देहात तक जमकर कहर बरपाया। शहर कोतवाली क्षेत्र के रद्देपुरवा मेें आंधी में पेड़ उखड़कर गैरेज पर गिर गया। गैरेज में खड़े चार बच्चे और एक अधेड़ दब गया। करीब ढाई घंटे कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे लोगों को निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां एक बच्चे को मृत घोषित कर दिया गया। हरपालपुर में पेड़ की डाल गिरने से युवक और पाली में दीवार गिरने से बच्ची की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। बेहटागोकुल में टीनशेड गिरने से युवक जख्मी हो गया। लोनार थाना क्षेत्र के गांव बूटामऊ निवासी कलावती (26) पत्नी सूबेदार घर में बैठी थी। बारिश में घर की कच्ची दीवार ढह गई। मलबे में दबकर महिला की मौत हो गई। इसी गांव में घर की पक्की दीवार गिरने से अशोक (42) पुत्र भूदर की मलबे में दबकर मौत हो गई।
शहर कोतवाली क्षेत्र रद्देपुरवा गांव स्थित आनंदधाम मंदिर के पास गांव के सोनेश (15) पुत्र ओंकार, अर्पित (9) पुत्र पिंटू, अंशू (16) पुत्र मनोज, अंशुल (19) पुत्र सुदामा खेल रहे थे। मंदिर के पास रनवीर (55) पुत्र श्रीनाथ बैठे थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे आंधी के साथ बारिश और ओले गिरने लगे। मंदिर के सामने पकड़िया के पेड़ के नीचे पूर्व प्रधान अशोक का गैरेज है। बारिश, ओलों से बचने के लिए बच्चे और रनवीर मंदिर के गैरेज में घुस गए। इसी बीच पेड़ जड़ सहित उखड़ कर गैरेज पर गिर गया। मौके पर पांचों लोग दब गए। सूचना मिलने पर रद्देपुरवा, शहर के लोगों के अलावा, सपा, भाजपा के नेता और डीएम शुभ्रा सक्सेना, एएसपी बीसी दुबे, सीओ सिटी अजीत सिंह चौहान शहर व देहात कोतवाली पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। डीएम के निर्देश पर तत्काल क्रेन मौके पर पहुंची। सबसे पहले सोनेश और अर्पित को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों सोनेश का मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मलबे में दबे श्रीनाथ, अंशू और अंशुल को निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया। करीब ढाई घंटे तक बचाव कार्य चला।
भाजपा नेता की कार पर पेड़ की डाल गिरी, हादसा टला
शहर में सर्किट हाउस के पास भाजपा नेता आजाद भदौरिया की कार पर भी पेड़ की डाल गिर गई। डाल पहले बिजली की तारों पर झूली फिर कार पर गिरी। शुक्र था उस वक्त बिजली कट चुकी थी। हादसे में कार भाजपा नेता बाल-बाल बचे।
ददरा मजरे में दीवार गिरी, दबकर मासूम की मौत
हरपालपुर कसबा निवासी रामस्वरूप (54) पुत्र चुन्नी आंगन में खड़े पेड़ के नीचे खड़े थे। इस दौरान आंधी में मोटी डाल टूटकर गिर गई। इसकी चपेट में आकर रामस्वरूप की मौत हो गई। एक अन्य हादसा पाली थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत मुंडेर के ददरा मजरे में हुआ। आंधी और बारिश में धनपाल के घर की दीवार गिर गई। मलबे में पड़ोसी पंकज की बेटी गुड़िया (3) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि धनपाल की पत्नी धनवती, बेटा रानू (13), आकाश (9) घायल हो गए। घायलों को पाली सीएचसी में भर्ती कराया है। बेहटागोकुल थाना क्षेत्र के पिपरी नेवादा गांव निवासी धर्मेंद्र (20) पुत्र रामकृपाल घर के बाहर खडे़ थे। तेज आंधी में टीनशेड उड़कर उनके ऊपर आ गिरा। इससे वह घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कई जगह सड़कों पर पेड़ गिरे, यातायात प्रभावित
तेज आंधी में शहर सहित कई क्षेत्रों में पेड़ उखड़ गए व डालें टूटकर सड़कों और बिजली के तारों पर गिर गई। इससे काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा और बिजली गुल हो गई। बारिश और ओलों से पिपरमिंट, सब्जी, तरबूज, खरबूजा की फसलों को नुकसान हुआ है जबकि मक्का, उड़द-मूंग और गन्ने की फसलों को फायदा पहुंचा है।