विजय रथ यात्रा: अखिलेश ने पटेल, नेहरू और महात्मा गांधी से कर दी जिन्ना की तुलना, बोले- इन सबने किया था आजादी दिलाने में संघर्ष
समाजवादी रथ यात्रा लेकर हरदोई पहुंचे सपा अध्यक्ष व यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला। वहीं यूपी के सीएम योगी के खिलाफ तीखे प्रहार किए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरदोई जिले में माधौगंज कस्बे के लखनऊ पब्लिक स्कूल परिसर में आयोजित जनसभा में पूर्व मुख्यमंत्री और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस सरकार को सिर्फ दो ही काम पसंद हैं।
पहला नाम बदलना और दूसरा शौचालय बनवाना। उन्होंने कहा कि सरकार तीनों कृषि कानून वापस लेकर सरदार पटेल को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करे। उन्होंने कहा कि देश की आजादी में पटेल, नेहरू, महात्मा गांधी और जिन्ना ने मिलकर संघर्ष किया था।
एलपीएस में पूर्व एमएलसी डॉ. एसपी सिंह और कांति सिंह की ओर से आयोजित जनसभा में अखिलेश यादव ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था किसान संभाले हैं भारत की पहचान यही रही है कि यहां अलग-अलग जाति धर्म के लोग मिलकर रहते हैं, लेकिन सरकार के लोग जातियों में लड़ाई करा रहे हैं।
सरकार ने डायल 100 को डायल 112 कर दिया। न्यूयार्क की तर्ज पर हो रही पुलिसिंग खराब कर दी। कहा कि बाबा मुख्यमंत्री कमाल के हैं, जितने भी उद्घाटन किए, उनका शिलान्यास सपा सरकार में हुआ था। कार्यक्रम को पूर्व कैबिनेट मंत्री और सपा के राष्ट्रीय महासचिव इंद्रजीत सरोज व आयोजक पूर्व एमएलसी डॉ. एसपी सिंह ने भी संबोधित किया। इस दौरान सपा एमएलसी डॉ. राजपाल कश्यप और मिस्बाहउद्दीन, पूर्व सांसद ऊषा वर्मा, पूर्व विधायक आसिफ खां बब्बू, राजेश्वरी, बाबू खां, बृजेश वर्मा, जिलाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा जीतू, पूर्व जिलाध्यक्ष पदमराग सिंह यादव, सपा के वरिष्ठ नेता अनिल सिंह वीरू, सुभाष पाल, मीना वर्मा आदि भी मंच पर मौजूद रहीं।
सीबीआई और ईडी को पीछे लगाने की आदत कांग्रेस की
सदरपुर में सरदार पटेल और रामलाल की प्रतिमा के अनावरण के बाद पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कांग्रेस के एक ट्वीट का जवाब देते हुए कहा कि सीबीआई और ईडी को पीछे लगाने की आदत कांग्रेस की है और भाजपा भी उसी राह पर चल रही है। उन्होंने कहा कि शिवपाल यादव को पूरा सम्मान मिलेगा और जल्द ही मिलेगा। अखिलेश यादव ने कहा कि बाबा मुख्यमंत्री जिस आवास में रहकर मंदिर में पूजा करते हैं वह मंदिर सपा की सरकार में बनवाया गया था। मुख्यमंत्री आवास में मंदिर से लेकर सोफा तक समाजवादी सरकार का है। इससे पहले मल्लावां में बृजेश वर्मा उर्फ टिल्लू के कार्यालय पर पूर्व मुख्यमंत्री ने बौद्ध भिक्षुओं से मुलाकात की।
कुशीनगर एयरपोर्ट के उद्घाटन पर भी पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि उक्त एयरपोर्ट सपा सरकार में बनना शुरू हुआ था। कहा कि जब कुछ बेचना या खरीदना होता है, तो पहले उसे देखा जाता है। सरकार के लोग कुशीनगर इसी तैयारी में गए थे। एयरपोर्ट बेच देंगे। पहले भी एयरपोर्ट बेचा, टेलीफोन कंपनी बेची, पानी के जहाज खड़ी करने की जगह बेच दी। सब बेच रहे हैं, इसीलिए युवाओं के सपने टूट रहे हैं। कहा कि महंगाई बढ़ती जा रही है। किसानों को डीएपी नहीं मिल रही। अब तो बोरी से चोरी शुरू हो गई। खाद की बोरी का वजन ही कम कर दिया।
सरकार भी इशारा कर रही कि साइकिल चलाओ
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी पर सपा मुखिया ने कहा कि सरकार को पता है कि विधानसभा चुनाव में क्या होने वाला है। इसलिए सरकार भी जनता को इशारा कर रही है कि साइकिल चलाओ। लोग साइकिल चलाएं इसीलिए डीजल और पेट्रोल इतना महंगा कर दिया। उन्होंने कहा कि दिवाली पर सब लोग अपने अपने घर की सफाई करते हैं। बाबा मुख्यमंत्री भी आवास की सफाई करा लें। जाला हटवा दें और धुएं के धब्बे भी साफ करा दें, क्योंकि अगली सरकार समाजवादियों की होगी।
- बाबा मुख्यमंत्री लैपटॉप नहीं चला पाते। अब पता चला है कि उन्हें मोबाइल भी चलाना नहीं आता।
- नोटबंदी से भ्रष्टाचार नहीं रुका, तहसीलों में नया वाला लाल नोट बहुत चल रहा।
- संकल्प पत्र भूल गई भाजपा, अब कर रहे लैपटॉप और टैबलेट की बात।
- साढ़े चार साल से टाइम पास और कामचोरी कर रही सरकार।
- सबको अपमानित करती है सरकार, फैजाबाद में बेटी ने खुदकुशी कर ली और आरोप पुलिस पर।