ज्येष्ठ गंगा दशहरा: तट पर उमड़ा आस्था का सैलाब, कड़ी सुरक्षा के बीच हुआ स्नान, गूंजे गंगा मैया के जयकारे
उच्चाधिकारियों के निर्देश पर गंगा के मुख्य स्नानघाट समेत अन्य घाटो, बाजारों व मुख्य स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा। इसके अलावा गंगा में नाविक व मोटरबोट भी मुस्तैद रहे। पुलिसकर्मी तट पर गश्त करते रहे।
विस्तार
ज्येष्ठ गंगा दशहरा (मां गंगा के पृथ्वी पर अवतरण दिवस) पर क्षेत्र के गंगा के घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ता दिखाई दिया। तीनों स्थानों पर पहुंचे पांच लाख से अधिक भक्तों ने कड़ी सुरक्षाके बीच मंगलवार को मां गंगा में आस्था का डुबकी लगाई और विभिन्न धार्मिक कर्मकांड किए। पुलिस की मुस्तैदी व रूट डायवर्जन का पालन होने से हाईवे जाम मुक्त रहा।
धार्मिक मान्यता के अनुसार ज्येष्ठ गंगा दशहरा पर ही मां गंगा भगवान शिव की जटाओं से निकलकर पृथ्वी पर अवतरित हुई थीं। जिसके चलते इस का हिंदू धर्म में विशेष महत्व है। मंगलवार को ब्रह्म मुहूर्त में सुबह चार बजे से ही गंगा भक्तों ने गंगा स्नान करना शुरू कर दिया। स्नान का सिलसिला सुबह से देर शाम तक चलता रहा।
सुरक्षा व्यवस्था रही पुख्ता
उच्चाधिकारियों के निर्देश पर गंगा के मुख्य स्नानघाट समेत अन्य घाटो, बाजारों व मुख्य स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा। इसके अलावा गंगा में नाविक व मोटरबोट भी मुस्तैद रहे। पुलिसकर्मी तट पर गश्त करते रहे। इसके अलावा ड्रोन कैमरे से भी तट समेत आसपास का जायजा अधिकारी लेते रहे। गंगा सभा आरती समिति के सदस्य भी लाउडस्पीकर के माध्यम से भक्तों को गहरे जल में न जाने के लिए सचेत करते रहे।
मुंडन, गंगा पूजन समेत तट पर किया हवन
गंगा स्नान के उपरांत अधिकांश भक्तों ने तट पर मौजूद पुरोहितों से हवन कराकर भगवान सत्यनारायण एवं मां गंगा के पृथ्वी पर अवतरण की कथा सुनी। इसके अलावा काफी श्रद्धालुओं ने बैंड बाजे के साथ भजनों की धुन पर थिरकते हुए गंगा पूजन कराया, वहीं तट पर नवजात बच्चों का मुंडन संस्कार भी धार्मिक रीति रिवाज के साथ कराया गया।
नहीं लगा जाम, श्रद्धालुओं को मिली राहत
रूट डायवर्जन का सख्ती से पालन कराने के साथ ही जाम प्वाइंटों पर पुलिस बल मुस्तैद रहा। श्रद्धालुओं के वाहनों को भी पार्किंग में खडा कराया गया। हाईवे और सड़क किनारे वाहनों को नहीं रूकने दिया गया। इसके अलावा टोल प्लाजा पर भी पुलिस तैनात रही। जिसके चलते हाईवे जाममुक्त रहा। जाम न लगने से श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली।