Vaishno Devi Landslide: 'भयावह था मंजर... हर ओर चीख-पुकार'; वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर आई तबाही की आंखों देखी
बस में सवार प्रदीप चौधरी ने बताया कि उनकी बस में सवार लोगों ने दर्शन कर लिए दो दिन तक कटरा क्षेत्र में रोकने के बाद उनकी बस को सेना ने दूसरे पुल से वहां से रवाना किया। अब वह लखनपुर बॉर्डर पर पहुंच गए।
विस्तार
हैलो... कौन मैं सुदीप गोयल बोल रहा हूं, यह बस वाले अंकल का फोन है। केवल इस नंबर पर ही संपर्क हो रहा है। हमारे फोन बंद हैं, सभी लोग सुरक्षित हैं हम दर्शन कर नीचे आ रहे थे तभी चीख-पुकार की आवाज आई। इन शब्दों को सुनकर घंटों से सुदीप गोयल से संपर्क कर रहे परिजनों का राहत मिली। गढ़ की करीब पांच बसें श्रद्धालुओं को लेकर वैष्णो देवी दर्शन के लिए गई थीं। जिनमें से दो अभी भी कटरा में फंसी हुई हैं। हालांकि जल्द ही सभी यात्री सकुशल गढ़ पहुंच जाएंगे।
घटना के चश्मदीद सुदीप गोयल बताते हैं कि अचानक तेज आवाज आई और पहाड़ खिसकना शुरू हो गया। इस दौरान हर ओर भगदड़ मची थी। लोग अपनी जान बचाकर भाग रहे थे। इसी दौरान यहां सेना और स्थानीय लोग श्रद्धालुओं के लिए मसीहा बने। जैसे-तैसे वे नीचे उतरे बस के रास्ते पर भी कीचड़ भरा हुआ था। दहशत के बीच वे वहां से गढ़ के लिए निकले।
उन्होंने बताया कि हादसे के बाद उन्हें कटरा में रोका हुआ है, यहां से सेना कब निकालेगी अभी कह नहीं सकते है। कुछ श्रद्धालु बिना दर्शन के ही बस में वापस आ गए हैं। यह बातें गढ़ से बस से यात्रा करने वैष्णों देवी गए सुदीप गोयल ने अमर उजाला अखबार को जानकारी देते हुए बताया।
सुदीप गोयल समेत नगर के प्रदीप चौधरी, संजय सैनी, कुवंरपाल, सुनील, नीशू, बृहमपाल, संजय, रिंकू, बबीता, रेनू, अंश, सुंदर चौहान, संजय चौहान, बिजेंद्र सिंह, दिव्यंम गुप्ता, निशांत गोयल, ललित आदि गढ़ नगर के 20 अगस्त को माता वैष्णो देवी के दर्शन करने के लिए गए थे।
वहीं, दूसरी बस में सवार प्रदीप चौधरी ने बताया कि उनकी बस में सवार लोगों ने दर्शन कर लिए दो दिन तक कटरा क्षेत्र में रोकने के बाद उनकी बस को सेना ने दूसरे पुल से वहां से रवाना किया। अब वह लखनपुर बॉर्डर पर पहुंच गए। बस में किसी भी यात्री का फोन नहीं चल रहा, मात्र बस के चालक के फोन से ही परिजन से वार्ता कर सकुशल बताया गया है।
ब्रजघाट निवासी शशि शर्मा ने बताया कि बस के सभी यात्री सकुशल है, वह लोग कटरा स्थित धर्मशाला में रुके हैं। सेना के आदेश के बाद बस को आगे के लिए रवाना किया जाएगा। दामाद कुलदीप समेत परिजन को सकुशल होने की जानकारी दे दी गई है।