{"_id":"58694ac14f1c1bd606eecaff","slug":"cake-cutting-celebrated-the-new-year-fireworks-from-somewhere","type":"story","status":"publish","title_hn":"कहीं आतिशबाजी तो कहीं केक काटकर मनाया नया साल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कहीं आतिशबाजी तो कहीं केक काटकर मनाया नया साल
अमर उजाला ब्यूरो/हापुड़
Updated Mon, 02 Jan 2017 12:33 AM IST
विज्ञापन
जश्न
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जिले में 31 दिसंबर की शाम को लोग जमकर डीजे पर थिरके। रात में जैसे ही 12 बजे लोगों ने आतिशबाजी कर और केक काटकर नए साल का स्वागत किया। वहीं, साल के पहले दिन रविवार सुबह मंदिरों में श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना किया। लोगों ने अपने वाहन और प्रतिष्ठान सजाए। उधर, शांतिपूर्वक नए साल के जश्न के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।
विज्ञापन
शनिवार रात 12 बजते ही लोगों ने एक दूसरे को नववर्ष 2017 की बधाई देनी शुरू कर दी। शाम से ही शुरू हुआ जश्न देर रात तक चलता रहा। युवाओं ने जमकर डांस कर नववर्ष का स्वागत किया। मोहल्ला आर्यनगर, प्रेमपुरा, श्रीनगर, स्वर्ग आश्रम रोड, कोठी गेट, रघुवीर गंज, पुराने शहर के कई मोहल्लों में युवकों ने डीजे पर जमकर डांस कर एक दूसरे को नव वर्ष की बधाई दी। गली-मोहल्ले और शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर लोगों की चहल-पहल देखने को मिली।
विज्ञापन
रात 12 बजते ही शहर के अनेक इलाकों में जमकर आतिशबाजी की गई। कुछ लोगों ने केक काटकर भी एक दूसरे को बधाई दी। होटल और रेस्टोरेंट में देर रात तक लोगों की भीड़ लगी रही। नए साल के जश्न के दौरान कोई अप्रिय घटना न हो इसे रोकने के लिए पुलिस कर्मी क्षेत्र में गश्त करते रहे। रविवार को भी लोगों ने एक दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएं दी और एक दूसरे की बेहतरी के लिए दुआ मांगी।
विज्ञापन
वहीं, गढ़ में हाईवे किनारे स्थित होटल-ढाबों तथा रेंस्टोरेंट्स पर देर रात तक नववर्ष का जश्न चलता रहा। नक्का कुआं रोड पर नेड कंप्यूटर सेंटर और हरोड़ा मोड़ पर आदर्श पब्लिक स्कूल के बच्चों ने मनमोहक रंगोली बनाकर नववर्ष का स्वागत किया।
अच्छी धूप से हुआ नए साल का स्वागत
नए साल के पहले दिन सुबह मामूली कोहरे के बाद अच्छी धूप निकली। धूप निकलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। रविवार को न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहा। रविवार सुबह हल्की धुंध थी, लेकिन जैसे ही सूर्य देवता ने दर्शन दिए धुंध छंटनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में अच्छी धूप खिल गई, जिससे साल का पहले दिन लोगों को कड़ाके की सर्दी से कुछ राहत मिली। वहीं, दिन भर ठंडी हवा भी चली। शाम होते होते फिर से ठंड बढ़ने लगी।
रंगारंग कार्यक्रमों के माध्यम से मनाया नववर्ष
महिला दक्षता समिति के तत्वावधान में फ्रीगंज रोड स्थित रेलवे पार्क पर नववर्ष धूमधाम से मनाया गया। इसमें महिलाओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया। समिति अध्यक्षा हेमलता गर्ग ने कहा कि समय समय पर महिलाओं के उत्साहवर्धन के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम का आयोजन होता रहना चाहिए। श्वेता कपूर ने महिलाओं को उनके अधिकारों के बारे में जानकारी दी और बच्चों को टॉफी, चॉकलेट वितरित की।
कार्यक्रम संयोजिका आशा सोमानी ने बताया कि इस दौरान म्यूजिकल चेयर, बैलून प्रतियोगिता व कलर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विजेता संध्या, नीलम, श्वेता, विनय, करुणा, निशा, बीना, पूनम को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
वहीं, नववर्ष पर रेलवे रोड स्थित राजकुमार गोयल गर्ल्स डिग्री कॉलेज गढ़मुक्तेश्वर में रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन हुआ। छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। प्रिंसिपल कुसुम त्यागी ने छात्राओं को राष्ट्र और समाज हित के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
सद्भावना कार्यक्रम का किया आयोजन
नववर्ष के उपलक्ष्य में गढ़-चौपला स्थित कार्यालय में सपाइयों ने सद्भावना कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान पूर्व नगराध्यक्ष शहजाद खां, पूर्व जिला महासचिव साजिद चौधरी, अल्पसंख्यक सभा जिलाध्यक्ष शब्बू चौधरी, युवजन सभा जिला उपाध्यक्ष गुलजार खां ने गरीब-निराश्रितों को कंबल और भोजन वितरित किया।
वहीं, दौताई में राशिद प्रधान, राव अबरार, हाफिज बदरुद्दीन दानिश, अल्लाबख्शपुर में हाफिज फराहीम हारून, अफरोज खां, नजरू खां, सरफराज अहमद, इसहाक चौधरी, अठसैनी में अफजाल अहमद, बिहूनी मेें मेजर भीष्म त्यागी, गांव वैट में प्रधान एकता समिति अध्यक्ष छोटे खां, लुहारी में अय्यूब अली, राजकुमार हिंदुस्तानी, मुरादपुर में मुबारिक सुलेमान, लठीरा में चरणा सिंह के नेतृत्व में गांवों के मुख्य रास्तों समेत आबादी से जुड़ीं सड़कों पर सफाई अभियान चलाया।
हाईवे स्थित ठेके पर नशेड़ियों ने मचाया उत्पात
नव वर्ष के पहले दिन हाईवे किनारे स्थित शराब के ठेके पर नशेड़ियों ने जमकर उत्पात मचाया। शराब लेने के लिए कई लोग आपस में भिड़ गए, इस दौरान लात-घूंसे भी चले। घटना से लोगों में भगदड़ मच गई, साथ ही आसपास के दुकानदारों में दहशत फैल गई। इस दौरान दो नशेड़ी घायल भी हो गए। हालांकि, पुलिस के आने से पहले ही सभी मौके से भाग गए।