Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Hamirpur News ›   Kharif is over and Rabi is over, now wheat is the only option left.

Hamirpur News: खरीफ गई और रबी भी गई अब गेहूं का बचौ सहाराे

Sat, 01 Nov 2025 12:37 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हमीरपुर
संवाद न्यूज एजेंसी, हमीरपुर Updated Sat, 01 Nov 2025 12:37 AM IST
विज्ञापन
Kharif is over and Rabi is over, now wheat is the only option left.
हमीरपुर। बेमौसम भारी बारिश से खरीफ फसलें पूरी तरह से बर्बाद हो गईं हैं। वहीं, रबी में बोई गई दलहनी व तिलहनी फसलें भी बारिश की भेंट चढ़ गई हैं। अब किसानों को गेहूं की फसल का ही सहारा बचा है। किसानों का मानना है कि अकेले धान को 92.40 करोड़ से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है। इसके अलावा बाजरा की बालियों से अंकुरण निकलने लगे हैं और उड़द व मूंग सहित मूंगफली भी खेतों में सड़ने की कगार पर है।
विज्ञापन


28 से 31 अक्तूबर तक जिले में कुल 31.3 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई है। वहीं, अक्तूबर माह में कुल 112.6 मिलीमीटर बारिश हुई है। इस बारिश ने किसानों की बर्बादी की कहानी लिख दी है। आपदा विभाग की मिली रिपोर्ट के मुताबिक जून माह में औसतन 167.7 एमएम बारिश दर्ज की गई थी। जुलाई माह में 562 मिली., अगस्त में 209 मिली. और सितंबर में 141.53 मिली. बारिश हुई है। देखा जाए तो पांच माह में औसतन कुल 1192.83 मिलीमीटर बारिश जिले में हुई है।
विज्ञापन

बारिश से धान की 50 फीसदी से अधिक फसल प्रभावित होने का अनुमान है। प्रति हेक्टेयर 30 क्विंटल धान की उपज होती है। प्रति क्विंटल 2800 रुपये की बिक्री होती है। ऐसे में जिले भर में 22 हजार हेक्टेयर रकबे में धान की फसल किसानों ने बो रखी है। किसानों का मानना है कि करीब 92.40 करोड़ से अधिक का नुकसान धान की फसल में होने की संभावना है। वहीं, बाजरा की बालियों से अंकुरण निकलने लगे हैं। उड़द व मूंग भी बारिश की भेंट चढ़ गए हैं और खेतों में कटी पड़ी मूंगफली की फसल भी सड़ने लगी है। इससे अन्नदाता माथा पीट रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

----------------

13.12 लाख बीघा में बोई खरीफ फसलें बर्बाद

जिले को खरीफ फसलों के लिए 12,99,474 बीघा का लक्ष्य मिला था। कृषि विभाग के मुताबिक किसानों ने 13,12,866 बीघा में धान, ज्वार, तिल, मूंग, उड़द, बाजरा, मूंगफली आदि खरीफ फसलों की बुआई की थी। लेकिन, लगातार बारिश व बाढ़ से 4,89,528 बीघे में बोई तिल की फसल पहले ही बर्बाद हो गई थी। इधर अक्तूबर माह में हुई बारिश से 5,00,592 बीघे में बोई मूंग व उड़द फसलें भी बर्बाद हो गई हैं। 1800 बीघे में बोया बाजरा की बालियों में फिर से अंकुरण निकलने लगा है। 71,412 बीघे में बोई ज्वार भी बर्बादी की कगार पर है। 1.32 लाख बीघे में बोई धान की फसल भी खेतों में सड़ रही है। इसमें 50 फीसदी से अधिक का नुकसान होने की संभावना है। 1,33,938 बीघे में बोई मूंगफली की फसल भी खेतों में पड़ी है।

-------------



बालियों में निकलने लगे नए अंकुरण

पौथिया निवासी पप्पू तिवारी ने बताया कि 12 बीघे में बाजरा की फसल बोई थी। इसे काटकर खेतों में सूखने के लिए छोड़ दी थी। बारिश के चलते पूरी फसल बर्बाद हो गई। बालियों में नए अंकुरण निकलने लगे हैं।



दो लाख लागत लगा 32 बीघे में की थी धान की रोपाई

रिठारी के पूर्व प्रधान बालेंद्र श्रीवास ने बताया कि करीब दो लाख लागत लगाकर 32 बीघे में धान की फसल की थी। बारिश व हवा के झोंकों से पूरी फसल जमींदोज हो गई है। खेतों में पानी भर जाने से दाने काले पड़ने व सड़ने की स्थिति में हैं। करीब 70 फीसदी से अधिक का नुकसान है।
-----------
कर्ज भरने के लिए बेचने पड़ेंगे खेत

करहिया निवासी किसान दिनेश सिंह ने बताया कि 10 लाख लागत लगाकर 100 बीघे में धान की फसल की थी, लेकिन बारिश ने सब बर्बाद कर दिया है। कर्ज भरने के लिए खेत बेचने पड़ेंगे।
-------------
बढ़ानी पड़ेगी बेटी की शादी की तिथि

मसगवां निवासी महिला किसान ममता शुक्ला ने बताया कि बेटी क्षमा की शादी आगामी 30 नवंबर को है। तिल की फसल पहले ही नष्ट हो चुकी है। बची 12 बीघे धान की फसल भी बारिश के पानी से मिट्टी में मिल गई है। अब बेटी की शादी की तिथि बढ़ानी पड़ेगी।
-------------
अब पेट के भी लाले

तिंदुही गांव निवासी लालबहादुर कहते हैं कि आठ लाख लागत लगाकर 80 बीघे में धान लगवाया था। मौसम सही रहता तो फसल में करीब 18 लाख की उपज निकलती, लेकिन बेमौसम बारिश से अब पेट के भी लाले पड़ गए हैं।
--------------
फसलों का सर्वे करा दिलाया जाए मुआवजा

निवादा निवासी किसान बृजेश कुमार ने बताया कि बारिश से खरीफ की तिल, मूंग, उड़द की फसलें नष्ट हो गई हैं। बची धान की फसल भी चौपट हो गई है। अब सरकार से ही आस है कि फसलों का सर्वे कराकर मुआवजा दिलाया जाए।
--------------
धान में 42 करोड़ के नुकसान का अनुमान

फोटो 31 एचएएमपी 17- विदोखर मौजे में जमींदोज धान की फसल। संवाद

भरुआसुमेरपुर संवाद के अनुसार बंगाल की खाड़ी में उठा मोंथा तूफान जिले भर में 24 घंटे तक बारिश का कहर बरपाए रखा। बृहस्पतिवार सुबह पांच बजे से शुरू हुई रिमझिम बारिश का सिलसिला शुक्रवार सुबह पांच बजे तक आकर जारी रहा। बारिश से खेतों में जलभराव हो गया है। तेज हवाओं संग हुई बारिश ने खेतों में खड़ी धान की फसल को बुरी तरह से जमीदोंज कर दिया है। क्षेत्र में करीब 10 हजार हेक्टेयर में धान की फसल किसानों ने बो रखी है। इसमें करीब 42 करोड़ की चपत लगने की संभावना है। धान की फसल की दुर्दशा को देखकर किसान कराह उठा है। किसान उदयभान यादव, मानसिंह भदौरिया, सौरभ सिंह, पप्पू शर्मा, धीरेंद्र यादव, सुरेश कुमार आदि ने बताया कि बारिश से खेतों में जलभराव होने से धान की फसल में 50 फीसदी से ज्यादा के नुकसान की संभावना है।
------------
सड़ रहा 200 बीघे में बोया सफेद कुम्हड़ा

कुरारा संवाद के अनुसार क्षेत्र के रिठारी गांव में सफेद कुम्हड़ा की फसल पैदा करने वाले किसान गुलाब सिंह ने 20 बीघा, राजू गुप्ता 20 बीघा, सुशील 15 बीघा, राजू कुशवाहा 10 बीघा, गौरी शंकर 15 बीघा, वीरेंद्र 45 बीघा, शंकर श्रीवास 20 बीघा, मनोज कुमार 15 बीघा सहित अन्य किसानों ने इसकी खेती की है। दो दिनों से हो रही बारिश से कुम्हड़ा की फसल खराब होने की कगार पर है।

किसान शिल्पी श्रीवास ने बताया कि 33 बीघा में कुम्हड़ा की फसल की थी। प्रति बीघा 10 हजार रुपया खर्चा आया था। दो दिन से हो रही बारिश के चलते फल सड़ने लगे हैं। आगरा, अलीगढ़ के व्यापारी 25 हजार रुपये प्रति बीघा की दर से फसल खरीद लेते थे। अब लागत भी निकालना मुश्किल है।

किसान शंकर श्रीवास ने बताया कि 20 बीघा बटाई में खेत लेकर कुम्हड़ा की फसल लगाई थी। फरवरी माह में बेटी की शादी तय कर दी है। फसल खराब होने से उसके हाथ पीले करने के लिए कर्ज लेकर शादी करनी पड़ेगी।
--------------


धान व मूंगफली की फसलें फसल बीमा में कवर नहीं हैं। मूंग व उड़द की क्रॉप कटिंग हो चुकी है। ज्वार व बाजरा सहित जिन किसानों की अन्य खरीफ फसलें बारिश से प्रभावित हैं। वे फसल क्षतिपूर्ति के लिए कंपनी के टोल फ्री नंबर 14447 पर कॉल कर सूचना दर्ज करा सकते हैं। सर्वे कराकर मुआवजा दिलाया जाएगा। - डॉ. हरिशंकर, जिला कृषि अधिकारी।

------------
सभी तहसीलों के एसडीएम को निर्देश जारी कर फसलों का सर्वे कराए जाने के आदेश दिए गए हैं। टीमें मौके पर जाकर फसलों का सर्वे करेंगी। किसानों का जो नुकसान हुआ है। उसकी क्षतिपूर्ति दिलाई जाएगी।
- घनश्याम मीना, डीएम।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed