{"_id":"57acc7e84f1c1bce75ee4c6a","slug":"sohde-stricken-student-ate-the-poison","type":"story","status":"publish","title_hn":" शोहदे से त्रस्त छात्रा ने खा लिया जहर","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
शोहदे से त्रस्त छात्रा ने खा लिया जहर
ब्यूरो अमर उजाला, हमीरपुर
Updated Fri, 12 Aug 2016 12:16 AM IST
विज्ञापन
परेशान छात्रा
- फोटो : प्रतीकात्मक फोटो
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शोहदे से त्रस्त बीए की छात्रा की शिकायतों पर पुलिस चुप्पी साधे रही। इससे शोहदे का दुस्साहस बढ़ा और उसने छात्रा को घर से उठा ले जाने की धमकी दे डाली। ऐसे में छात्रा को कोई रास्ता न सूझा तो उसने जहर खा लिया। उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। छात्रा के जहर खाने का पता चलते ही हरकत में आई पुलिस ने आननफानन मामला दर्ज कर शोहदे के कुछ परिजनों को हिरासत में ले लिया। शोहदा फरार है।
विज्ञापन
घटना भरुआसुमेरपुर थाना क्षेत्र की है। आरोप है कि इलाके की एक छात्रा को आते-जाते धर्मेश्वर बाबा मोहल्ले का युवक धीरज गुप्ता परेशान करता था। उस पर कार्रवाई के लिए छात्रा अपनी मां के साथ तीन दिन तक थाने के चक्कर लगाती रही। पुलिस इन्हें लगातार टरकाती रही। छात्रा की मां ने बताया कि वे दोनों बुधवार को सुबह से देर शाम तक थाने में बैठी रहीं।
विज्ञापन
रात को मिले थानाध्यक्ष रामाश्रय यादव ने भी आरोपी को पकड़ने का भरोसा देकर उन्हें टरका दिया। छात्रा की मां के मुताबिक पुलिस के लचर रवैये से ही शोहदे का दुस्साहस बढ़ा और वह बुधवार रात को ही उनके घर आ धमका। यहां उसने धमकी दी- ‘पुलिस से शिकायत की है, अब अंजाम भुगतना, छात्रा को उठा ले जाऊंगा’। इससे डरी सहमी बेटी ने गुरुवार सुबह करीब आठ बजे जहर खा लिया।
विज्ञापन
हालत बिगड़ने पर उसे कस्बे के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां हालत गंभीर देख डाक्टरों ने सदर अस्पताल भेज दिया। सदर अस्पताल में इलाज के बाद छात्रा की हालत में सुधार हुआ। अब वह खतरे के बाहर है। छात्रा के जहर खाने की खबर मिलते ही पुलिस के होश उड़ गए। उसने तुरंत आरोपी के रिश्तेदारों के साथ उसके कुछ साथियों को भी हिरासत में ले लिया।
आरोपी अभी हत्थे नहीं चढ़ा है। थानाध्यक्ष रामाश्रय यादव ने बताया कि शिकायत मिलने पर उन्होंने बुधवार शाम दबिश दी थी, पर आरोपी पकड़ में नहीं आया। उसके परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इस बाबत पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी कर उचित कार्रवाई कराई जाएगी।
अपर पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ छेड़खानी, जानमाल की धमकी का मुकदमा दर्ज किया गया है। सभी बिंदुओं पर गहराई से जांच की जा रही है। लापरवाही मिली तो थाना पुलिस पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जांच के बाद छात्रा को आत्महत्या के विवश करने की धारा भी बढ़ाई जाएगी।