भरुआसुमेरपुर। नवीन गल्ला मंडी में चार आढ़तियों की दुकानों के ताले तोड़कर लाखों का सामान पार कर दिया गया। एक सप्ताह में मंडी में दूसरी बार चोरी हुई है। यह हाल तो तब है जब मंडी की सुरक्षा में पीआरडी जवान तैनात रहते हैं। चोरियों से आढ़तियों में नाराजगी है।
चोरों ने दुर्गा ट्रेडर्स के बाहर रखा पीला सरसों चोरी कर लिया। रमाकांत आढ़ती की दुकान का ताला तोड़कर गोलक में रखी लाखों रुपये की रेजगारी पार कर दी। शुक्ला ट्रेडिंग कंपनी व किशन इंटरप्राइजेज के ताले तोड़कर चोरी की गई। इससे आढ़तियों में गुस्सा है। गल्ला तिलहन व्यापार संघ के अध्यक्ष महेश कुमार गुप्ता, श्यामबाबू पांडेय, बसंतराम गुप्ता के नेतृत्व में थाने पहुंचकर थानाध्यक्ष भरत कुमार को तहरीर दी और जल्द खुलासे की मांग रखी। आढ़तियों ने बताया कि बुधवार की रात मंडी में छह पीआरडी जवान तैनात थे, फिर भी चोरी हो गई। मंडी सचिव बृजेश कुमार निगम ने बताया कि चोरियों के मद्देनजर ड्यूटी में तैनात पीआरडी जवान गयादीन व शिवकुमार को हटाने के लिए युवा कल्याण अधिकारी को पत्र भेजा है। रात में पुलिस गश्त कराने के लिए थानाध्यक्ष से कहा गया है।