हमीरपुर। स्वामित्व योजना के अंतर्गत चार गांवों को चार हजार 612 लोगों को ग्रामीण आवासीय अभिलेख (घरौनी) दी गईं। लोग मालिकाना हक पाकर खुश हुए। लखनऊ में मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से लोगों को घरौनी बांटीं। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलक्ट्रेट सभागार में दिखाया गया। कलक्ट्रेट सभागार में सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति व जिलाधिकारी डॉ. चंद्र भूषण त्रिपाठी ने 25 लोगों को घरौनी दी।
सदर तहसील का कार्यक्रम कलक्ट्रेट सभागार में हुआ। इसमें सदर विधायक ने कुंडौरा गांव के लाभार्थियों को घरौनी बांटी। तहसील राठ के टोला खंगारन गांव के लाभार्थियों को राठ विधायक मनीष अनुरागी ने घरौनी दी। मौदहा तहसील के बजेहटा डांडा गांव के लाभार्थियों को ब्लाक प्रमुख मुस्करा वीर नारायण सिंह ने घरौनी बांटीं। सरीला, अमूंद गांव में भी घरौनी वितरण किया गया। जिले में अब तक 397 गांवों में एक लाख 27 हजार 326 लोगों को घर के स्वामित्व का अभिलेख दिया जा चुका है। इस मौके पर एडीएम रमेश चंद्र, एडीएम न्यायिक डॉ. नागेंद्र नाथ यादव, एडीएम नमामि गंगे राजेश कुमार यादव, एसडीएम सदर संजय कुमार मीना, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद कुलदीप निषाद मौजूद रहे।