हमीरपुर। शैक्षिक महासंघ के जिलाध्यक्ष रामपाल सिंह लोधी के नेतृत्व में कलक्ट्रेट में धरना देकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
बताया कि सरकार बनने पर शिक्षकों को 100 दिन में कैशलेस चिकित्सा सुविधा दिए जाने संबंधी ट्वीट किया गया था। शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा दिए जाने के निर्देश की विभाग के अधिकारी अवहेलना कर रहे हैं। सचिव बेसिक शिक्षा द्वारा सशुल्क चिकित्सा बीमा का आदेश पिछले सात दिसंबर को जारी किया गया है। इससे समस्त शिक्षक आक्रोशित हैं।
संघ ने आदेश को निरस्त कर परिषदीय शिक्षकों के सम्मान व हित को ध्यान में रखते हुए शिक्षकों को राज्य कर्मचारियों की भांति कैशलेस चिकित्सा सुविधा दिए जाने की मांग की है। इस मौके पर कार्यकारी अध्यक्ष अंकराज त्रिवेदी, आशीष कुमार मिश्रा, विनोद कुमार द्विवेदी, लाल सिंह राजपूत मौजूद रहे।