फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Gorakhpur News ›   fim festival innaugrated

संगीत की धुन के बीच गूंजी प्रतिरोध की आवाज

Sat, 14 May 2016 08:37 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर।
अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर। Updated Sat, 14 May 2016 08:37 PM IST
विज्ञापन
fim festival innaugrated
फिल्म फेस्टिवल के शुभारंभ अवसर पर स्मारिका का विमोचन करते मुख्यातिथि (दाएं से तीसरे) प्रो. लाल्टू, राहुल राय, संजय जोशी, तरुण मिश्रा, मदन मोहन व अन्य - फोटो : mahesh kumar
गोरखपुर फिल्म सोसायटी और जन संस्कृति मंच की ओर से शनिवार को गोकुल अतिथि भवन में दो दिवसीय 11वें गोरखपुर फिल्म महोत्सव का आगाज हुआ। दर्शकों के सक्रिय सहयोग से आयोजित होने वाले इस महोत्सव ने न सिर्फ 11 सालों की अपनी गतिशील परंपरा बनाए रखी, बल्कि पूरे देश में फिल्म प्रदर्शन के लिए नई प्रेरणा दी।
विज्ञापन


उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि लाल्टू ने कहा कि इस अंधेरे वक्त में हम सब एकजुट होकर लड़ रहे हैं, यह बड़ी बात है। कथाकार मदनमोहन ने कहा कि आजादी के बाद के किसी भी समय से ज्यादा आज हमारा लोकतंत्र खतरे में है। ऐसे में अंधे युग की वापसी के खिलाफ  अभिव्यक्ति की आजादी और लोकतंत्र के लिए हमें एकजुट होकर संघर्ष आगे बढ़ाना होगा।
विज्ञापन


फिल्मकार राहुल रॉय और तरुण मिश्र ने भी उद्घाटन सत्र में अपने विचार रखे। वरिष्ठ पत्रकार अशोक चौधरी ने सिवान के पत्रकार राजदेव रंजन और झारखंड के न्यूज चैनल के वीडियो पत्रकार अखिलेश प्रताप सिंह की हत्या की निंदा की। सत्र के अंत में सभी लोगों ने दिवंगत पत्रकारों के प्रति एक मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। संचालन व संयोजन चंद्र भूषण अंकुर ने किया।
विज्ञापन
विज्ञापन


उद्घाटन सत्र के बाद प्रतिरोध की संगीत के तहत चार म्यूजिक वीडियो का प्रदर्शन हुआ। ‘हिटलर के साथी’, ‘चल चलिए’, संपविला देह जरि नाही (मराठी), ‘रोहित’ नाम के म्यूजिक वीडियो के प्रदर्शन को दर्शक एकटक देखते रहे। इसके बाद फिल्मों का दौर चला। जिसमें बारी-बारी से ‘कोर्ट’, ‘आई एम नागेश्वर राव स्टार’, ‘माई बॉडी माई वेपन’ और ‘फैक्ट्री’ फिल्म का प्रदर्शन किया गया। 

न्याय व्यवस्था की खामियां बता गई ‘कोर्ट’

चैतन्य तम्हाणे की फिल्म ‘कोर्ट’ बारीकी से न्याय व्यवस्था में खामियां उजागर कर गई। फिल्म में महाराष्ट्र के एक दलित लोकगायक को हीरो बनाया गया है। कोर्ट में उस पर महज इस बात के लिए मुकदमा चलाया जाता है कि उसने एक सफाई मजदूर को अपने गायन से खुदकुशी के लिए भड़काया था। फिल्म में अंग्रेजों के जमाने के कानून और गरीबों के लिए न्याय व्यवस्था में उपहास दिखाया गया है। 

‘आई एम नागेश्वर राव स्टार’ में दिखा दलितों से भेदभाव

फिल्म ‘आई एम नागेश्वर राव स्टार’ में निर्देशक ने उच्च शिक्षा केंद्रों में दलित छात्रों के साथ होने वाले भेदभाव को दिखाया है। फिल्म में हैदराबाद यूनिवर्सिटी का दृश्य है, जहां दलित छात्र रोहित वेमुला ने खुदकुशी की थी। फिल्म के निर्देशकों में से एक नागेश्वर राव कहते हैं कि ‘मैं असहमति में उठा हाथ हूं, मैं वही नागेश्वर हूं, जो अभी भी मानवीय है।’


‘फैक्ट्री’ ने दिखाया मजदूरों का संघर्ष

राहुल रॉय निर्देशित ‘फैक्ट्री’ एक प्राइवेट कंपनी के मजदूरों के संघर्ष पर आधारित है। जहां 2011 से मजदूर अपने अधिकारों के लिए कंपनी प्रबंधन और सरकार दोनों के खिलाफ  खड़े हैं। फिल्म बताती है कि पूरे देश में श्रम कानूनों में सुधार के नाम पर मजदूरों के मूलभूत अधिकार छीने जा रहे हैं। इस प्रक्रिया में लगातार तेजी आ रही है। 

फिल्में तर्कशील सोच को दुरुस्त करती हैं : प्रो. लाल्टू

गोरखपुर फिल्म महोत्सव के आयोजनों के क्रम में शनिवार की शाम प्रो. रामकृष्ण मणि त्रिपाठी स्मृति का व्याख्यान आयोजित हुआ। इसमें मुख्य वक्ता हैदराबाद इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी के प्रो. लाल्टू ने कहा कि प्रतिरोध की फिल्में हमारी तर्कशील सोच को दुरुस्त करती हैं।


देश में गरीबी और निरक्षरता की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि व्यवस्था की यह बदहाली राष्ट्र के नाम पर बर्दाश्त की जा रही है। लेकिन संकट के समय में राष्ट्र की एकांगी व्याख्या बहुत से लोगों को मुख्य धारा से अलग करती है। उन्होंने कहा कि इस राष्ट्रवाद का ही नतीजा है कि पूंजीपति हाकिमों की मदद से संसाधनों की खुली लूट कर रहे हैं। 

फिल्म महोत्सव में आज
  1. सुबह 10 बजे : ‘कंचे और पोस्टकार्ड’ व ‘महक मिर्जा’ का प्रदर्शन
  2. दोपहर एक बजे : दस्तावेजी फिल्म ‘कास्ट ऑन मेनू कार्ड’ का प्रदर्शन
  3. दोपहर 1.30 बजे : कश्मीरी फिल्म ‘खून दियो बराव’ का प्रदर्शन 
  4. दोपहर तीन बजे : उड़िया कहानी ‘जनमत’ पर बनी फिल्म का प्रदर्शन
  5. शाम 5.30 बजे : दस्तावेजी फिल्म ‘मोड़’ का प्रदर्शन 
  6. शाम सात बजे : ‘साहिर लुधियानवी की याद में’ डॉ. अजीज का गीतमय संबोधन










  
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed