फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Gorakhpur News ›   Devotees reached to worship at temple on first day of Navraatri

देवी मंदिरों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का रेला

Thu, 30 Mar 2017 01:36 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर।
अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर। Updated Thu, 30 Mar 2017 01:36 AM IST
विज्ञापन
Devotees reached to worship at temple on first day of Navraatri
नवरात्र के पहले दिन गोलघर काली मंदिर में उमड़े श्रद्धालु। - फोटो : Amar Ujala
नवरात्र के पहले दिन बुधवार को देवी मंदिरों पर श्रद्धालुओं का रेला उमड़ा रहा। लोगों ने मां का दर्शन-पूजन कर परिवार एवं समाज की मंगलकामना की। कोई विधि विधान से माता की पूजा में जुटा दिखा तो कोई श्रद्धा के साथ उन्हें प्रसन्न करने की कोशिश में। शहर समेत आसपास के देवी मंदिरों पर पूरे दिन भीड़ लगी रही। इस बीच घंटे-घड़ियाल की ध्वनि माहौल को अलौकिक करती रही।
विज्ञापन


भोर से ही देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। सूर्योदय होते-होते मंदिरों के परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच हो उठे। मंत्रोच्चार और आरती के बीच मंदिरों का माहौल धूप, अगरबत्ती की खुशबू से भर उठा। मंदिरों के सामने सजी प्रसाद की दुकानों से चुनरी-नारियल आदि लेकर लोगों ने मां अंबे को भेंट किया। नवरात्रि को लेकर मंदिरों को खास ढंग से सजाया गया था। मां की प्रतिमा का विधिवत शृंगार किया गया था। शहर के गोलघर काली मंदिर, दुर्गाबाड़ी मंदिर, दाउदपुर कालीबाड़ी मंदिर, बगहा बाबा दुर्गा मंदिर आदि पर पूरे दिन श्रद्धालुओं की भीड़ कम न हुई। वहीं, तमाम देवी भक्त तरकुलहा देवी और बुढ़िया माई मंदिर पर दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे।
विज्ञापन


आस्था से हुई कलश स्थापना
नवरात्र के पहले दिन व्रतियों ने घरों में कलश स्थापित कर माता की पूजा शुरू की। तमाम भक्तों ने दुर्गा सप्तशती के पाठ की शुरुआत की। व्रती नियमपूर्वक नवरात्र भर घर पर ही अनुष्ठान एवं पूजन के जरिए मां को प्रसन्न करने की कोशिश करेंगे। 
विज्ञापन
विज्ञापन


फलाहार की दुकानों पर रही भीड़
नवरात्र व्रत को लेकर शहर में कई जगहों पर फलाहार की दुकानें खोली गई हैं। इन दुकानों पर दोपहर बाद काफी भीड़ दिखी। यहां पहुंचकर व्रतियों ने व्रत वाली पकौड़ी, रबड़ी, लस्सी, कचालू आदि का स्वाद चखा तो वहीं कई लोग पैक कराकर ले गए।

गायत्री परिवार ने की सामूहिक साधना
राजघाट स्थित गायत्री शक्तिपीठ पर सुबह सात बजे से सामूहिक आराधना शुरू हुई। उपजोन प्रभारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि नवरात्र ऊर्जा संग्रहण का पर्व है। इसलिए गायत्री परिवार ने संकल्प के बाद बुधवार सुबह से 24000 गायत्री मंत्र जाप का विशेष अनुष्ठान शुरू किया है। मीडिया प्रभारी अच्युतानंद शर्मा ने बताया कि अनुष्ठान का समापन पांच अप्रैल को होगा।

गीताप्रेस में शुरू हुआ मानस पाठ
नवरात्र के उपलक्ष्य में गीताप्रेस में बुधवार को सामूहिक रामचरितमानस पाठ की शुरुआत पूजा अर्चना के साथ सुबह सात बजे हुई। व्यवस्थापक ने बताया कि प्रतिदिन सुबह सात से दस बजे तक पाठ होगा और पूर्णाहुति छह अप्रैल को होगी। स्वर भारती की ओर से शहर के एक मैरेज हाउस में रामचरितमानस पाठ शुरू किया गया। नवरात्र के अंतिम दिन इसकी पूर्णाहुति होगी। दोनों जगहों पर सामूहिक पाठ में काफी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।


बिजली विभाग 24 घंटे सप्लाई देने में जुटा
बिजली महकमे ने नवरात्र पर शहर को 24 घंटे सप्लाई देने की तैयारी की है। इसके लिए फॉल्ट की स्थिति में जल्द से जल्द उसे दुरुस्त करने के लिए सभी सब स्टेशनों पर कार्यरत लाइन मेंटीनेंस गैंग को एसई महानगर एके सिंह ने अलर्ट किया है। उन्होंने बताया कि सभी सब स्टेशनों पर नाइट गैंग की भी तैनाती रहेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed