देश, कश्मीर हित में भाजपा ने तोड़ा पीडीपी से गठबंधन : योगी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार को गोरखपुर पहुंचे। पहले विकास कार्यों की समीक्षा की, फिर रामगढ़ताल परियोजना का निरीक्षण किया। उन्होंने गोरखपुर विश्वविद्यालय में 100 फीट ऊंचे तिरंगे का लोकार्पण भी किया। इससे पहले सर्किट हाउस में मीडिया कर्मियों से बात की और कहा कि अब मोदी सरकार जम्मू कश्मीर के हित में सभी जरूरी कदम उठाएगी। भाजपा की राज्य इकाई ने राज्यपाल शासन लगाने का अनुरोध किया है। आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू हो गई है। सेना खुलकर काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश और जम्मू कश्मीर के हित में बेहतर काम किया है। तीन वर्ष पहले कश्मीर में भीषण बाढ़ आई थी, तब प्रधानमंत्री ने वहां जाकर हालात की जानकारी ली थी। सबका दुख-दर्द समझा था। सेना ने बाढ़ राहत और बचाव कार्य बड़े पैमाने पर चलाया था। कश्मीर के जनमानस में जोश भरने के लिए ही प्रधानमंत्री ने वहां जाकर दिवाली भी मनाई थी।
गोरखपुर को बनाएं सफाई में आदर्श जिला
गोरखपुर विश्वविद्यालय परिसर के एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर को सफाई में आदर्श जिला बनाना है। इस काम में शहरवासियों की जरूरत है। गोरखपुर को यहां की धरोहरों के लिए जाना जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों का विश्वास जगाया है। देश, विदेश में मान, सम्मान दिलाया है। इसी का नतीजा है कि दुनिया के 123 देश एक साथ 21 जून को योग दिवस मनाएंगे। भारत की प्राचीनतम सभ्यता, संस्कृति को जानेंगे। योग गोरखपुर की पुरानी परंपरा से निकला है। यूपी देश का सबसे बड़ा राज्य है। 23 करोड़ की आबादी वाले इस राज्य को प्रकृति और परमात्मा की असीम कृपा मिली है। इसी राज्य में प्रयाग, काशी, मथुरा, अयोध्या, गंगा और यमुना है। मुख्यमंत्री ने सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में स्थानीय जन सहभागिता को जरूरी बताया। साथ ही कहा कि दिसंबर 2018 तक यूपी के सभी जिले खुले में शौच से मुक्त हो जाएंगे।
शहर में सिटी बस दौड़ाने की तैयारी को मिलेगी ‘रफ्तार’
गोरखपुर। शहर में सिटी बस चलाने की प्रशासन की तैयारी को रफ्तार मिलने की मजबूत उम्मीद जगी है। मंगलवार की शाम सर्किट हाउस में नगर निकाय के कामों की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिटी बसें चलाने के लिए जिला प्रशासन, नगर निगम और आरटीओ को संभावनाएं तलाशने के साथ ही प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर और आसपास के कस्बों के बीच आवागमन सुलभ कराने के लिए सिटी बसें बेहतर विकल्प साबित हो सकती हैं।
पेयजल आपूर्ति की समीक्षा के दौरान कई कस्बों में वाटर सप्लाई न शुरू होने पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताते हुए कमिश्नर को जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच कर यह पता लगाया जाए कि कितने ओवरहेड टैंक बने हैं। कहां-कहां अभी तक आपूर्ति नहीं शुरू हो सकी है। इसके लिए जिम्मेदार कौन है। सभी की सूची तैयार की जाए और संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
उन्होंने जनसहयोग से नगर निगम और नगर पंचायतों में सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने को कहा। निगम के साथ ही कस्बों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए मुख्यमंत्री ने पटरी व्यवसाइयों का पुनर्वास कराने की भी बात कही ताकि सड़कें और फुटपाथ खाली हो सकें। उन्होंने कहा कि उचित जगह देखकर पटरी व्यवसाइयों को फिर से स्थापित किया जाए। नवगठित नगर पंचायत उनवल कस्बा संग्रामपुर में नगर पंचायत के भवन के लिए उन्होंने प्रस्ताव भेजने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के तहत कूड़ा कलेक्शन के लिए जो भी गाड़ियां खरीदी जानी हैं, उसके लिए भी डिमांड बनाकर भेजा जाए। उसे तत्काल स्वीकृत किया जाएगा। बैठक में कमिश्नर अनिल कुमार, डीएम के. विजयेंद्र पांडियन, नगर आयुक्त प्रेमप्रकाश सिंह समेत सभी नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी आदि मौजूद रहे।
सीएम ने देखा रामगढ़ताल और नुमाइश ग्राउंड
गोरखपुर। सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करने के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने रामगढ़ताल और नुमाइश ग्राउंड पर चल रहे सौंदर्यीकरण का काम देखा। इस दौरान उन्होंने जिम्मेदारों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता का ध्यान रखने को कहा।
सीएम सबसे पहले लेक व्यू प्वाइंट पहुंचे। ताल के किनारे फैले प्लास्टिक के प्लेट्स और गिलास देख उन्होंने नाराजगी जताई और कूड़ेदान रखवाने को कहा। उन्होंने कहां कि प्लास्टिक का कचरा ताल के लिए खतरनाक है। योगी ने बोल्डर और पिचिंग के काम की प्रगति पूछी। वहां से वह सीधे नुमाइश ग्राउंड पहुंचे और जीडीए के वीसी अमित सिंह बंसल से निर्माण कार्यों की जानकारी ली। सीएम ने ग्राउंड के बीच में मौजूद विद्युत पोल को दूर लगाने के साथ ही वहां एक मंच बनाने को कहा। जीडीए वीसी ने सीएम को बताया कि मंच निर्माण कार्य में प्रस्तावित है। सीएम जब लौट रहे थे तो उनसे वहां ठेला-खोमचा लगाने वाली सुमन, सरोज, उर्मिला, शारदा, संध्या, गुड्डी समेत कई लोगों ने स्थायी दुकानें बनवाने का आग्रह किया। ऐसे में योगी ने तत्काल जीडीए के अफसरों को बुलाकर उनकी सूची तैयार करने को कहा। इसके बाद योगी गोरखपुर विश्वविद्यालय रवाना हो गए।
सौ फीट की ऊंचाई पर लहराया तिरंगा
गोरखपुर। गोरखपुर विश्वविद्यालय में मंगलवार की शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सौ फीट ऊंचे तिरंगे का लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि तिरंगे से देश का मान-सम्मान जुड़ा है।
गोरखपुर विश्वविद्यालय, जेसीआई मिडटाउन और शुद्ध प्लस की तरफ से विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर लगाया गया यह झंडा बटन दबाते ही ऊंचाई पर जाकर फहरने लगा। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और फिर भारत माता के जयकारे भी लगे। इस दौरान फोटोग्राफी, सेल्फी लेने का भी दौर चला। गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. वीके सिंह ने इसे एतिहासिक पल करार दिया और कहा कि विश्वविद्यालय परिसर में सबसे ऊंचाई पर तिरंगा लहराएगा। इससे हर शिक्षक, विद्यार्थी गर्व महसूस करेगा। समारोह में शुद्ध प्लस के प्रबंध निदेशक अमर तुलस्यान और नाइन फाउंडेशन के संस्थापक कृष्ण कुमार तलस्यान ने मुख्यमंत्री का आभार जताया। समारोह में जेसीआई के अध्यक्ष विनीत पोद्दार, सचिव पीयूष जैन, नेहा पीयूष जैन, श्वेता अग्रवाल, ऐश्प्रा ज्वेलर्स के निदेशक अतुल सराफ, अचिंत्य लाहिड़ी, पुनीत अग्रवाल, नितेश पोद्दार, गौरव जिंदल, विवेक अग्रवाल, मोहित अग्रवाल, सुधीर वर्मा, अमित जगनानी, खुशाल खट्टर, गौरव जैन, अनुराधा जैन, मिताली जालान, मंजू अग्रवाल, अनीता बरनवाल आदि मौजूद रहीं।
इसके पूर्व मंच पर पहुंचे मुख्यमंत्री का जेसीआई के सदस्यों के अलावा यूनिवर्सिटी के सभी संकायों के अध्यक्ष, शिक्षक संघ के अध्यक्ष, कर्मचारी संघ के अध्यक्ष ने स्वागत किया। कला संकाय की छात्राओं ने स्वागत गीत पेश किया। कुलपति ने शैक्षणिक सत्र की उपलब्धियां गिनाईं। इस मौके पर एमएलसी देंवेंद्र प्रताप सिंह, कामेश्वर सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, महानगर अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव, विधायक शीतल पांडेय, महेंद्रपाल सिंह, डॉ. विमलेश पासवान, पूर्व मेयर अंजू चौधरी, हिंदू युवा वाहिनी के महामंत्री पीके मल्ल, पीडी जैन आदि मौजूद थे।