फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Gorakhpur News ›   भारी सुरक्षा बल के बीच पर्दे पर उतरी पद्मावती

भारी सुरक्षा बल के बीच पर्दे पर उतरी पद्मावती

Fri, 26 Jan 2018 01:54 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गोरखपुर।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गोरखपुर। Updated Fri, 26 Jan 2018 01:54 AM IST
विज्ञापन
भारी सुरक्षा बल के बीच पर्दे पर उतरी पद्मावती
गुरुवार को युनाईटेड टॉकीज पर बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात रही।
गोरखपुर। निर्माता-निर्देशक संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावत बृहस्पतिवार को शहर के यूनाइटेड टॉकीज मेंप्रदर्शित की गई। भारी सुरक्षा के बीच फिल्म के अलग-अलग शो चले। पहला शो फ्लॉप रहा। 650 सीट वाले इस सिनेमा हॉल के पहले शो में सिर्फ 48 दर्शक आए। हालांकि दूसरे शो में दर्शकों की संख्या 293 पहुंच गई।
विज्ञापन

एसआरएस समूह से जुड़े तीन स्क्रीन वाले सिटी मॉल और माया सिने प्लेक्स ने फिल्म पद्मावत को पहले दिन प्रदर्शित नहीं किया। सिर्फ यूनाइटेड टॉकीज में फिल्म दिखाई गई। इसी वजह से टॉकीज के आसपास सुबह आठ बजे से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। चार पुलिस क्षेत्राधिकारी, सात एसओ और एक कंपनी आरएएफ मुस्तैद दिखी। हर आने-जाने वाले पर निगाह रखी गई। एसपी सिटी विनय कुमार सिंह ने भी सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। टिकट खरीदकर फिल्म देखने पहुंचे कुछ दर्शकों से भी पुलिस ने सवाल किया। पहले दिन पांच शो चले, लेकिन हाउस फुल का बोर्ड नहीं दिखा। किसी भी शो में 300 तक दर्शक नहीं जुट सके। सीट खाली होने का फायदा सुरक्षा कर्मचारियों को मिला। सुरक्षा कर्मचारियों ने फिल्म जरूर देख ली।
विज्ञापन


इस तरह बुक हुई सीटें

पहला शो : सुबह 10 बजे 48 दर्शक
दूसरा शो : दोपहर 12:45 बजे 293 दर्शक
तीसरा शो : अपराह्न 3 बजे 220 दर्शक
चौथा शो : शाम 6:45 बजे (दर्शकों की संख्या बाद में मिलेगी)
पांचवां शो रात 10:15 बजे (दर्शकों की संख्या बाद में मिलेगी)

दो को हिरासत में लिया

फिल्म का विरोध करने पहुंचे विकास सिंह और सूरज शाह को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इन सबको कैंट थाने में रखा गया। क्षत्रिय महासभा से संबंधित तमाम लोग बाल विहार पर एकत्रित हुए और पद्मावत का विरोध करने निकल पड़े। हालांकि पुलिस की सख्ती के आगे किसी की एक न चली। सिर्फ दो युवक यूनाइटेड टॉकीज तक पहुंच सके, जिन्हें हिरासत में ले लिया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन


अफवाहों का बाजार गर्म

फिल्म के पहले शो के दौरान अफवाहों का बाजार गर्म रहा। एक बार हवा फैली कि उत्पाती तोड़फोड़ करने वाले हैं। इस पर दर्शक भागकर सिनेमा हॉल के बाहर आ गए। करीब 10 मिनट तक आपाधापी रही। इसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप किया और सबको सुरक्षा का भरोसा देकर हॉल के अंदर भेजा।

टॉकीज मालिक का मोबाइल बंद रहा

यूनाइटेड टॉकीज के मालिक विजय गुप्ता को मोबाइल दिन भर बंद रहा। टॉकीज से जुड़े एक कर्मचारी ने बताया कि फिल्म पद्मावत को प्रदर्शित करने वाले विजय गुप्ता को मोबाइल फोन पर धमकी मिली है। विरोध करने वालों ने कहा है कि फिल्म प्रदर्शित करके ठीक नहीं किया है। इसी का नतीजा रहा कि मालिक ने मोबाइल बंद रखा। उन्हें डर था कि और भी धमकी भरे फोन आ सकते हैं।

दूसरे सिनेमाहॉलों में भी दिखाई जा सकती है पद्मावत

यूनाइटेड टॉकीज में पद्मावत के प्रदर्शन के बाद शहर के अन्य सिनेमा हॉल मालिकों ने हिम्मत जुटाई है। सब कुछ ठीकठाक रहा तो शुक्रवार को माया सिने प्लेक्स, जुबली और सिटी मॉल में भी फिल्म पद्मावत प्रदर्शित की जा सकेगी। इसके लिए सिनेमा हॉल मालिकों ने पुलिस से सुरक्षा मांगी है। पुलिस की तरफ से पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराने का भरोसा मिला है।


पुलिस बल देख सहमे लोग

यूनाइटेड सिनेमा हाल में प्राय: भोजपुरी फिल्म ही लगाई जाती है। लंबे समय बाद कोई हिंदी फिल्म लगी। सिनेमा हॉल के अंदर और बाहर भारी संख्या में पुलिस देख दर्शक असहज रहे। कुछ दर्शक तो भोजपुरी फिल्म देखने पहुंचे थे लेकिन उन्हें पद्मावत लगी मिली। इसका फायदा भी दर्शकों ने उठाया और नई फिल्म देखकर बाहर निकले। बेचन ने बताया कि वह पवन राजा फिल्म देखने आए थे। पुलिस को देखकर लगा कि कुछ गड़बड़ है। पूछने पर पता चला कि पद्मावत फिल्म लगी है।

दर्शक बोले
फिल्म मनोरंजन के लिए होती है। पद्मावत में ऐसा कोई सीन नहीं है, जिसे विवादित कहा जाए। फिल्म अच्छी है।
-आशीष गुप्ता, तुर्कमानपुर

रानी पद्मावती की कहानी पर्दे पर देखने की इच्छा थी। लिहाजा पहला शो देखने आ गए। अभिनेता, अभिनेत्री की भूमिका अच्छी है।
- सुशील, हुमायूंपुर

पद्मावत के ज्यादातर सीन फिल्म बाहुबली की तरह लगे। दीपिका पादुकोण ने रानी पद्मावती की अच्छी भूमिका निभाई है।
- शिवांगी श्रीवास्तव, बशारतपुर

मैं तो बस रणवीर सिंह (अलाउद्दीन खिलजी) की भूमिका और घूमर वाला गाना देखने आई थी। तीन घंटे की फिल्म ने बोर नहीं होने दिया।
- मिताली श्रीवास्तव, बशारतपुर
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed