फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Gorakhpur News ›   सता में बैठे थे चार, अराजक- योगी

सता में बैठे थे चार, अराजक- योगी

Fri, 09 Mar 2018 12:55 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गोरखपुर।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गोरखपुर। Updated Fri, 09 Mar 2018 12:55 AM IST
विज्ञापन
सता में बैठे थे चार, अराजक- योगी
सीएम योगी आदित्यनाथ ने सभा में सभी का अभिवादन किया।
गोरखपुर। गोरखपुर सदर लोकसभा क्षेत्र के चुनाव प्रचार के लिए बृहस्पतिवार को देरशाम टाउनहॉल पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा और बसपा पर तीखा प्रहार किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 साल तक शासन, सत्ता में चोर, अराजक बैठे थे। वे अनैतिक कामकाज में लिप्त थे। इसका खामियाजा यूपी की जनता को भुगतना पड़ा। यूपी इनवेस्टर्स समिट में हिस्सा लेने आए उद्यमियों ने ही बताया कि पांच हजार करोड़ रुपये के निवेश का ऑफर देते थे तो पहले अपना हिस्सा मांगा जाता था। जब शासन, सत्ता भ्रष्ट और बेईमान हो जाए तो जनता का भला नहीं हो सकता।
विज्ञापन


मुख्यमंत्री ने कहा कि उपेंद्र कर्मठशील प्रत्याशी हैं। उनके लिए घर-घर जाकर वोट मांगें और जीत दिलाने का काम करें। वह मेरे प्रतिनिधि के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। इसके बाद मुख्यमंत्री सपा और बसपा के आपसी तालमेल पर आ गए। उन्होंने कहा कि सत्ता से दूर होने की इतनी तड़प उन्होंने नहीं देखी थी। भाजपा को त्रिपुरा, नागालैंड और मेघालय में बड़ी जीत मिली तो यूपी के दो धुर विरोधी राजनीतिक दल एक मंच पर आ गए। यह गठबंधन अवसरवादी और सौदेबाजी का है। जनता जनार्दन सब जानती है। वह इन पार्टियों को उपचुनाव में करारा जवाब देगी। मुख्यमंत्री ने जनसभा का समापन जय-जय श्रीराम के उद्घोष के साथ किया।
विज्ञापन

सरकारी नौकरियों का पिटारा खुलेगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही यूपी में सरकारी नौकरियों का पिटारा खुलेगा। बेसिक शिक्षा विभाग में खाली शिक्षकों के 1.37 लाख पद भरे जाएंगे। पुलिस में 1.62 लाख सब इंस्पेक्टर, कांस्टेबल की भर्ती होगी। यूपी अधीनस्थ सेवा आयोग ने 20 हजार पदों की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। माध्यमिक शिक्षा विभाग में 10 हजार शिक्षकों के पद भरे जाने हैं। उच्च शिक्षा विभाग में खाली पद भी भरे जाएंगे। सरकार की मंशा पारदर्शिता के साथ सरकारी पदों को भरने की है। इसीलिए समूह तृतीय, चतुर्थ की भर्ती प्रक्रिया से इंटरव्यू खत्म कर दिया गया। अब भर्ती लिखित परीक्षा और उसकी मेरिट से होगी। वहीं, यूपी में निवेश से रोजगार की संभावना बढ़नी तय है। 33 लाख युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य है।
विज्ञापन
विज्ञापन

2019 में जीतेंगे 80 सीटें

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार के कामकाज की बदौलत 2019 में 80 लोकसभा सीटें जीतेंगे। भ्रष्टाचार और अराजकता को बढ़ावा देने वाले दल आपस में मिल जाएं तो भी विकास की राह पर आगे बढ़ने वालों का कुछ नहीं बिगड़ेगा। जनता का स्नेह पहले की तरह मिलता रहेगा।

60 फीसदी मतदान तो ढाई लाख वोटों से जीत

मुख्यमंत्री ने कहा कि 11 मार्च को घर से निकलें और मताधिकार का प्रयोग करें। भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और जनता से कहा कि अगर महानगर की 60 प्रतिशत जनता ने वोट डाल दिया तो उपेंद्र को ढाई लाख वोटों के अंतर से जीत मिलेगी। तय रणनीति के हिसाब से वोटरों से संपर्क साधें। खुद वोट डालें और आसपास के लोगों से वोट डालने की अपील करें।

शानदार शहरों में शुमार होगा गोरखपुर

मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर की जनता ने पांच बार सांसद बनाया। वर्ष 2014 के चुनाव में जनता ने 3.43 लाख वोटों के अंतर से जिताया था। इसी कृतज्ञता में वह बार-बार गोरखपुर आते हैं। आपकी वर्षों की तमन्ना के हिसाब से गोरखपुर का विकास कर रहे हैं। कुछ समय में ही गोरखपुर यूपी के बड़े और शानदार शहरों में गिना जाएगा। गड्ढामुक्त सड़कों पर काम चल रहा है।

पहले चार, अब 75 जिलों को पूरी बिजली

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब सपा सरकार थी, तब यूपी के चार जिलों को बिजली मिलती थी। अब 75 जिला मुख्यालयों को 24 घंटे बिजली मिल रही है। केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री शिव प्रताप शुक्ला, सांसद जगदंबिका पाल, कमलेश पासवान, रवींद्र कुशवाहा, मंत्री धर्मपाल सिंह, अनुपमा जायसवाल, जयप्रकाश निषाद, दारा सिंह चौहान, कामेश्वर सिंह, रामेश्वर चौरसिया, विधायक डॉ. आरएमडी अग्रवाल, संगीता यादव, विमलेश पासवान, विपिन सिंह, रमेश सिंह, मेयर सीताराम जायसवाल, सत्या पांडेय, अंजू चौधरी, श्रीराम चौहान, उपचुनाव प्रभारी अनूप गुप्ता, क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, महामंत्री संगठन शिव कुमार पाठक, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी डॉ. सत्येंद्र सिन्हा, डॉ. पीके मल्ल और महानगर अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव ने भी विचार व्यक्त किए।

उपेंद्र बोले, योगी ने बचाई जान

भाजपा प्रत्याशी उपेंद्र दत्त शुक्ला ने पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अभिवादन किया, फिर कहा कि पहले मुख्यमंत्री ने उन्हें अपना उत्तराधिकारी बनाया। गंभीर रूप से बीमार हुआ तो जीवन रक्षक बनकर सामने आ गए। उनका शुक्रिया कैसे अदा करूं, यह शब्दों में नहीं बता सकता हूं। यह चुनाव गोरक्षपीठाधीश्वर लड़ रहे हैं। मौका मिला तो मैं, उनके विकास के बगीचे को माली बनकर सींचने का काम करूंगा।

आज चार जनसभा करेंगे मुख्यमंत्री योगी

मुख्यमंत्री शुक्रवार को भी ताबड़तोड़ जनसभाएं करेंगे। अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में उन्हें चार जनसभाएं करनी हैं। वह गोरखपुर में ही रात्रि विश्राम कर सकते हैं। 11 मार्च को मुख्यमंत्री गोरखनाथ वार्ड के एक बूथ पर वोट डालने भी जाएंगे।

पूर्व सांसद राजनारायन पासी भाजपा में

गोरखपुर। पूर्व सांसद और कांग्रेस नेता राजनारायन पासी बृहस्पतिवार को समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टाउनहॉल की जनसभा में उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण कराई। बसपा नेता सुरेंद्र राजभर, पूर्व पार्षद रामकेश पासवान और नारी सुरक्षा समिति की सचिव चित्रादेवी पासवान ने भी भाजपा की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण कर ली है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed