गोंडा। उत्तर प्रदेश विरासत श्रंखला 2022 के तहत जिले के एलबीएस महाविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय नृत्यांगना कविता द्विवेदी ने ओडिसी नृत्य की प्रस्तुति की। ललिता सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी डॉ. उज्ज्वल कुमार ने किया। नृत्य प्रस्तुति करने के पहले संबोधित करते हुए कविता ने कहा कि कलाएं मानव जीवन का शृंगार हैं।
इन कलाओं के बिना मनुष्य का हृदय नीरस रहता है। शास्त्रीय नृत्य शरीर, मन और आत्मा को एकीकृत करता है। ओडिसी नृत्य भगवान जगन्नाथ के आराधना का एक हिस्सा रहा है। महाविद्यालय के ललिता सभागार में कविता ने विभिन्न भाव-भंगिमाओं, मुद्राओं, नेत्रों, अव्ययों का संचालन कर नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. रवीन्द्र कुमार पांडेय, डॉ. अतुल कुमार सिंह, महाविद्यालय के मुख्य नियंता डॉ. जितेंद्र सिंह, महाविद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. शैलेन्द्र नाथ मिश्र, डॉ. अमन चंद्रा, डॉ. रंजन शर्मा, डॉ. बीपी. सिंह आदि रहे।