{"_id":"6a748a50aad6b6fbbf0f28f0","slug":"bus-carrying-athletes-returning-from-former-mp-brijbhushan-sharan-singh-event-overturns-in-gonda-seven-injured-2026-08-06","type":"story","status":"publish","title_hn":"Gonda News: पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के कार्यक्रम से लौट रही खिलाड़ियों की बस पलटी, सात खिलाड़ी घायल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Gonda News: पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के कार्यक्रम से लौट रही खिलाड़ियों की बस पलटी, सात खिलाड़ी घायल
Thu, 06 Aug 2026 06:51 PM IST
Bhupendra Singh
अमर उजाला नेटवर्क, गोंडा
अमर उजाला नेटवर्क, गोंडा
Published by: Bhupendra Singh
Updated Thu, 06 Aug 2026 06:51 PM IST
सार
गोंडा में पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के कार्यक्रम से लौट रही खिलाड़ियों की बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में सात खिलाड़ी घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। आगे पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन
सड़क किनारे पलटी बस, लोगों की भीड़।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
विस्तार
गोंडा में पूर्व सांसद एवं भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के सम्मान में नंदिनी नगर महाविद्यालय में आयोजित ''सत्यमेव जयते'' समारोह से लौट रही खिलाड़ी छात्रों की स्कूली बस बृहस्पतिवार शाम गोंडा-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में सात खिलाड़ी मामूली रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय लोग और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाकर प्राथमिक उपचार कराया गया, जहां से उन्हें छुट्टी दे दी गई।
विज्ञापन
नवाबगंज थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि गोंडा स्पोर्ट्स एकेडमी के 41 खिलाड़ी छात्र समारोह में शामिल होने के लिए नंदिनी नगर महाविद्यालय गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी बस से वापस लौट रहे थे। शाम करीब चार बजे नंदिनी नगर शूटिंग रेंज के पास बारिश के दौरान बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। बस पलटते ही उसमें सवार खिलाड़ियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
विज्ञापन
सूचना मिलते ही नवाबगंज पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बस का शीशा तोड़कर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया। कुछ ही देर में गोनार्द अस्पताल की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने घटनास्थल पर यातायात भी सुचारु कराया, जिससे कुछ देर बाद आवागमन सामान्य हो गया।
विज्ञापन
हादसे में कोतवाली नगर क्षेत्र के बनवरिया निवासी विकास यादव (18), कोतवाली देहात के कलंदरपुर निवासी सतीश मौर्य (22), कोईली जंगल निवासी शिवकुमार (22), लोढ़ियाघाटा निवासी शिवा सिंह (19), उमरीबेगमगंज के आदमपुर निवासी चंदन गुप्ता (17), कोतवाली नगर के माधवपुर चकत्ता निवासी अमरनाथ (17) और चेतपुर निवासी शनि सिंह (20) घायल हो गए। चिकित्सकों के अनुसार सभी को हल्की चोटें आई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी की हालत सामान्य मिलने पर उन्हें घर भेज दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही नगरपालिका अध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने खिलाड़ियों का हालचाल जाना और अन्य खिलाड़ियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरी बस की व्यवस्था कराई।
अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय ने बताया कि बृहस्पतिवार को नंदिनी नगर के पास बारिश के दौरान एक स्कूली बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई थी। बस में सवार सभी छात्र खिलाड़ियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। कुछ को मामूली चोटें आई थीं, जिनका उपचार कराने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।