थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव के सामने नव-निर्मित पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण सड़क हादसे में मृत दो भाइयों का एक साथ जनाजा घर से उठा तो पूरा गांव बिलख पड़ा। इधर घटना की जानकारी होते ही पिता अनीस अहमद, मां रेहाना बेगम और छोटा भाई मुहम्मद अंसार सोमवार को घर पहुंच गए थे।
पुत्रों की एक झलक पाने के लिए माता-पिता गांव से मर्चरी हाउस पहुंचे और लाल का चेहरा देखते ही बिलख पड़े। वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह उन्हें सात्वंना देकर शांत कराया। देर शाम पोस्टमार्टम के बाद दानिश एवं अफसर का शव गांव पहुंचते ही कोहराम मच गया। बुआ फरीदा बेगम और चाचा ईशा खां, पिता अनीस अहमद और मां रेहाना के रोने से गांव में मातमी सन्नाटा फैला रहा। इधर घटना की जानकारी होते ही रिश्तेदार एवं शुभचिंतक दरवाजे पर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना देने में जुटे रहे। बार-बार मां और बुआ बिलखते-बिलखते बेहोश हो जा रही थी। देर शाम पोस्टमार्टम के बाद दोनों भाइयों का शव पहुंचने के बाद जैसे ही सुपुर्दे-ए-खाक के लिए जनाजा उठा। वहां मौजूद ग्रामीणों की आंखें भर गई। मालूम हो कि बीते 31 अक्तूबर की सुबह साढ़े दस बजे तेज रफ्तार अनियंत्रित कार और बाइक की टक्कर में दो सगे भाई दानिश (18) एवं अफसर (15) की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि इनका मित्र सद्दाम गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसका इलाज वाराणसी में चल रहा है।