मरदह। स्थानीय गांव के वार्ड नंबर-14 स्थित संत रविदास मंदिर के बगल से गुजर रहे सार्वजनिक चकरोड पर एक महीने से बरसात का पानी लगा हुआ है। इससे वाहन से निकलना तो दूर पैदल गुजरना भी मुश्किल हो गया है। शिकायत करने के बाद भी जब जिम्मेदारोंं ने ध्यान नहीं दिया तो आक्रोशित होकर ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुए बृहस्पतिवार को प्रदर्शन किया। गांव निवासी विशुनी पासवान ने बताया कि मार्ग पर जलजमाव होने के कारण छोटे-छोटे बच्चों ने स्कूल जाना छोड़ दिया। दर्जनों किसानों की धान की फसल जलमग्न हो गई है। पानी निकासी के लिए बगल में स्थित नाला की सही ढंग से सफाई नहीं होने के कारण यह स्थिति महीनों से बनी हुई है। श्याम मुराली ने कहा कि धान की फसल पूरी तरह से तैयार हो चुकी है लेकिन पानी निकासी नहीं होने के कारण किसान काफी दुखी हैं। सूरज पासवान, नंदू राजभर, विशाल पासवान, कृष पासवान, शर्मा राजभर, दीपक राजभर, उर्मिला देवी, रामसोच राजभर, सवरू पासवान ने कहा कि जब तक इस समस्या का समाधान नहीं होगा हम आगामी चुनावों में अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं करेंगे। इस संबंध में ग्राम पंचायत अधिकारी कुमार गौरव ने बताया कि मौके का स्थलीय निरीक्षण करके जल्द से जल्द समस्या का समाधान किया जाएगा।