भड़सर। जंगीपुर थाना क्षेत्र में गेहूं से लदा एक ट्रक रहस्यमय ढंग से गायब हो गया। पीड़ित व्यापारी रामाधार गुप्ता, निवासी धुरेहरा ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर घटना की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि उनका गल्ला व्यवसाय श्याम ट्रेडर्स नाम से संचालित है।
बीते 26 अगस्त को उन्होंने खलिसपुर स्थित जय मां लक्ष्मी रोड लाइंस ट्रांसपोर्ट से ट्रक संख्या UP54T5839 किराये पर लिया। इस पर 315.05 क्विंटल गेहूं आसनसोल (पं. बंगाल) भेजना था। व्यापारी के अनुसार, ट्रक का ड्राइवर जयलाल निवासी मालीपुर, बेल्थरा रोड, बलिया और ट्रक मालिक ओमप्रकाश यादव हैं। गाड़ी को शिवम धर्म कांटा, नवीन मंडी, जंगीपुर में तौल कराने के बाद व्यापारी पेपर बनवाने गए। इसी दौरान ड्राइवर ट्रक सहित लापता हो गया। मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन ड्राइवर और मालिक दोनों के फोन बंद मिले। खोजबीन के बाद पुलिस की मदद से शत्रुघ्न उर्फ डब्बू मगही यादव को हिरासत में लिया गया। इस पर पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोप है कि पुलिस ने दो दिन थाने में रखने के बाद उसे हल्की धाराओं में चालान कर छोड़ दिया। इस घटना से व्यापारी वर्ग में आक्रोश है। प्रार्थी ने गेहूं बरामद कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। जंगीपुर थानाध्यक्ष विवेक कुमार तिवारी ने बताया कि संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।