{"_id":"663cd8210776db0795087a56","slug":"top-latest-and-today-news-of-ghazipur-2024-05-09","type":"story","status":"publish","title_hn":"गाजीपुर की 6 बड़ी खबरें एक क्लिक मेंः कार-बाइक में भिड़ंत, एक की मौत, अधेड़ का शव मिलने से सनसनी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
गाजीपुर की 6 बड़ी खबरें एक क्लिक मेंः कार-बाइक में भिड़ंत, एक की मौत, अधेड़ का शव मिलने से सनसनी
Thu, 09 May 2024 07:35 PM IST
अमन विश्वकर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, गाजीपुर
अमर उजाला नेटवर्क, गाजीपुर
Published by: अमन विश्वकर्मा
Updated Thu, 09 May 2024 07:35 PM IST
सार
Ghazipur News: गाजीपुर में गुरुवार को अपराध की कई खबरें रहीं। जिले के सर्विस लेन पर कार और बाइक की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई। वहीं, जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 15 वारंटियों को गिरफ्तार किया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
हादसे के बाद पलटी कार।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
गाजीपुर के मरदह थाना क्षेत्र के डोडसर गांव के सामने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के सर्विस लेन पर गुरुवार को कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक अधेड़ की मौत हो गई। वहीं चार लोग घायल हो गए, जिनका उपचार चल रहा है। जबकि एक माह की बच्ची दुर्घटना में बाल-बाल बच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन
फेफरा गांव निवासी राधेश्याम चौहान (50) पुत्री आशा चौहान और एक माह की नतनी के साथ मऊ जनपद से दवा लेकर बाइक से घर वापस लौट रहे थे। वे डोडसर गांव के सामने पूर्वांचल एक्सप्रेस सर्विस लेन मार्ग पर कासिमाबाद की ओर आ रही तेज रफ्तार कार ने अनियंत्रित होकर सामने से बाइक से टकरा गई।
विज्ञापन
हादसे में कार सवार बलिया जनपद के बभनौली गांव निवासी श्रीनिवास उपाध्याय, राकेश उपाध्याय, गिरजा देवी, राधेश्याम चौहान और आशा चौहान घायल हो गई। जबकि कार व बाइक दोनों सड़क किनारे लगे कटीले तार फंसकर पूरी तरह से पलट कर क्षतिग्रस्त हो गई।
विज्ञापन
ग्रामीणों ने किसी तरह सभी घायलों को बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद राधेश्याम, आशा चौहान, श्रीनिवास उपाध्याय, राकेश उपाध्याय, गिरिजा देवी की हालत गंभीर होने पर मऊ जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। जहां इलाज के दौरान शाम पांच बजे राधेश्याम चौहान की उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे में एक माह की बच्ची बाल-बाल बच गई।
कार सवार श्रीनिवास उपाध्याय अपने बीमार पिता को लेकर घर से कार द्वारा वाराणसी उपचार के लिए जा रहे थे। इस संबंध में मृतक के भाई नरेश चौहान की तहरीर पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष धर्मेंद्र पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, साथ ही विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
झाड़ियों में मिला व्यक्ति का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
गाजीपुर के जमानिया कोतवाली क्षेत्र के सब्बलपुर देवरिया गंगबरार स्थित झाड़ियों में एक व्यक्ति के शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जबकि पुलिस सांड़ के हमले से मौत की बात कहकर पल्ला झाड़ ले रही है।
सैदपुर कोतवाली के डहराकला गांव निवासी मुहम्मद हनीफ खान (50) सुबह नौ बजे घर से बाजार जाने के निकले। भाई मुहम्मद शमशेर खान ने बताया कि सुबह 11.30 बजे मुहम्मद हनीफ खान बाजार में पुत्र अरमान खान से मिले थे। उस समय वह एक बाइक पर किसी के साथ बैठे थे। उन्होंने पुत्र से कहा कि तुम घर जाओ, मैं कुछ देर में आ रहा हूं।
इसके बाद शाम पांच बजे पुलिस का फोन आया कि मुहम्मद हनीफ खान का शव सब्बलपुर देवरिया गंगबरार स्थित झाड़ियों में मिला है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। विधिक कार्रवाई के बाद पुलिस शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में कोतवाल श्यामजी यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया सांड़ के हमले से अधेड़ की मौत होना प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।
गंगा में डूबे किशोर का शव घटनास्थल से 100 मीटर दूर बरामद
गाजीपुर के शहर कोतवाली क्षेत्र के ददरीघाट के सामने मित्रों के साथ गंगा में नहाते समय डूबे किशोर का शव बृहस्पतिवार की सुबह 11 बजे मिला। स्थानीय गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद घटनास्थल से 100 मीटर दूर शव को बरामद कर लिया। विधिक कार्रवाई के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चंद्रशेखर नगर कॉलोनी रौजा निवासी पवन बांसफोर (16) मित्र चंदन शर्मा, मुकेश बांसफोर और अरुण बांसफोर के साथ नहाने के लिए बीते बुधवार दोपहर को ददरीघाट गया था। घाट के किनारे पानी कम होने पर सभी दोस्त मुख्य धारा में नहाने चले गए। चारों दोस्त नहा रहे थे।
इसी दौरान गहरे पानी में जाने से चारों डूबने लगे। वहां मौजूद मल्लाह ने डूब रहे तीन दोस्तों चंदन शर्मा, मुकेश बांसफोर और अरुण बांसफोर को तो बचा लिया। जबकि पवन बांसफोर गहरे पानी में डूब गया था। शोर मचाने पर अन्य लोग और परिजन भी मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस डूबे किशोर की तलाश में जुट गई। स्थानीय गोताखोर किशोर की तलाश में जुटे रहे, लेकिन सफलता नहीं मिली थी।
अंधेरा होने के बाद स्थानीय गोताखोर और परिजन वापस लौट गए थे। दूसरे दिन पुन: स्थानीय गोताखोरों की मदद से पुलिस किशोर की तलाश में जुट गई। कड़ी मशक्कत के बाद स्थानीय गोताखोरों ने घटनास्थल से कुछ दूरी पर शव बरामद किया। इस संबंध में कोतवाल दीनदयाल पांडेय ने बताया कि शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने 15 वारंटियों को किया गिरफ्तार
गाजीपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विभिन्न धाराओं में 15 वांछितों को पुलिस ने बुधवार की देर शाम और बृहस्पतिवार को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद चालान कर दिया।
बहरियाबाद: थाना क्षेत्र के बनकटा गांव स्थित घर पर दबिश देकर पुलिस ने गुरुवार को पॉक्सो एक्ट के वांछित मुलायम यादव निवासी बनकटा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद वांछित का चालान कर दिया। थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर वांछित के खिलाफ कार्रवाई की गई है। कासिमाबाद: बरेसर थाना के सेमउर गांव से पुलिस ने वारंटी जगलाल निवासी सेमउर को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष शैलेंद्र प्रताप सिंह ने गिरफ्तार कर चालान कर दिया।
मरदह: थाना क्षेत्र के कस्तुआ गांव में दबिश देकर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के वारंटी रमेश राम निवासी कस्तुआ को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद चालान कर दिया। दिलदारनगर: थाना क्षेत्र भक्सी गांव में दबिश देकर पुलिस ने वारंटी जय प्रकाश उर्फ प्रकाश निवासी भक्सी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। गहमर: कोतवाली क्षेत्र के बारा गांव में दबिश देकर पुलिस ने वारंटी कामरान खां निवासी बारा, अक्षय कुमार निवासी बरेजी और भोलू राजभर निवासी करहिया को घर से गिरफ्तार कर लिया।
औड़िहार: सैदपुर कोतवाली पुलिस ने वारंटी रमेश कन्नौजिया निवासी भीमापार और रोहित कुमार निवासी दुर्जनपुर को गिरफ्तार कर लिया। कासिमाबाद: मऊ जनपद के परिवार न्यायालय द्वारा निर्गत रिकवरी/गिरफ्तारी वारंट से संबंधित वारंटी को नोनहरा थाने की पुलिस ने पारा गांव में बृहस्पतिवार की भोर दबिश देकर मुहम्मद शमीम अख्तर निवासी पारा को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में नोनहरा थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि वारंटी को गिरफ्तार कर चालान कर दिया।
दुल्लहपुर: थाना क्षेत्र के रामपुर पतारी गांव में दबिश देकर पुलिस ने बुधवार की रात पुलिस ने दो वारंटी कुश राजभर निवासी बहलोलपुर और इंद्रजीत निवासी रामपुर पतारी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद चालान कर दिया। उधर, न्यायालय न्यायिक दंडाधिकारी द्वारा जारी आदेश पर रेवतीपुर पुलिस ने बृहस्पतिवार को तीन वारंटी पंकज राजभर निवासी भक्सी का डेरा नवली को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
साथ ही वारंटी पप्पू राजभर निवासी भक्सी का डेरा नवली और मनीराम राजभर निवासी नवली को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। रेवतीपुर थानाध्यक्ष राजीव कुमार त्रिपाठी ने बताया कि तीन वारंटी को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया।
ट्रेन से कटकर व्यक्ति की मौत
गाजीपुर के करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के ढोढाडीह रेलवे स्टेशन के पास बुधवार की देर शाम रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के रोने-बिलखने से चीख-पुकार मच गई।
मुबारकपुर गांव निवासी रमेश सिंह कुशवाहा (55) ढोढाडीह रेलवे स्टेशन पर देर शाम किसी से मिलने आए थे। इसके बाद वह वापस घर लौट रहे थे। रेलवे ट्रैक पार करते समय वाराणसी से बलिया की तरफ जा रही पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गए और मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी होते ही पुत्र राकेश और बृजेश को साथ लेकर पहुंची पत्नी गुलाबी देवी पति का शव देख चक्कर खाकर गिर गई। जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर थाने ले आई। कागजी कार्रवाई करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
किसान के हत्यारोपी को पुलिस ने बड़ौरा चट्टी से किया गिरफ्तार
गाजीपुर के नोनहरा थाना क्षेत्र के नूरपुर गांव में आबादी की भूमि पर उपले रखने को लेकर तीन दिन पूर्व दो पक्षों में मारपीट हो गई थी। इसमें चोट लगने से एक किसान की मौत हो गई थी। पुलिस मुकदमा दर्जकर हत्यारोपी की तलाश में जुटी हुई थी। बुधवार की देर शाम बड़ौरा चट्टी से पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद चालान कर दिया।
नूरपुर गांव निवासी श्यामदेव प्रजापति (68) बीते सात मई को सुबह करीब 9.30 बजे आबादी की भूमि पर उपले रख रहे थे। यह देख मौके पर पहुंचे दूसरे पक्ष के अभिषेक पांडेय उर्फ सन्नी ने श्यामदेव को ऐसा करने से रोका तो कहासुनी शुरू हो गई थी। विवाद इतना बढ़ गया कि श्यामदेव ने अभिषेक को थप्पड़ जड़ दिया था। इससे गुस्साए अभिषेक पांडेय ने श्यामदेव प्रजापति को धक्का दे दिया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़े और सिर में गंभीर चोट आने से अचेत हो गए।
परिवार के लोग घायल को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर जा रहे थे कि रास्ते में ही उनकी मौत हो गई थी। मृतक के पुत्र ओमकार प्रजापति की तहरीर पर पुलिस ने हत्यारोपी अभिषेक पांडेय के खिलाफ मुकदमा दर्जकर तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने बड़ौरा चट्टी से हत्यारोपी अभिषेक कुमार पाण्डेय उर्फ सन्नी को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में नोनहरा थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि पूछताछ के बाद हत्यारोपी का चालान कर दिया गया।