ऑनलाइन पेंटिंग प्रतियोगिता: गाजीपुर के दो चित्रकारों ने बनाई सबसे तेज पेटिंग, गिनीज बुक में नाम दर्ज
संभावना कला मंच के संयोजक एवं डॉ. एमए अंसारी इंटर कालेज यूसुफपुर के कला शिक्षक डॉ. राजकुमार सिंह और एमजेआरपी पब्लिक स्कूल गाजीपुर के कला शिक्षक राजीव कुमार गुप्ता ने अपनी पेंटिंग के साथ अपना नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज कराकर जिले को गौरवान्वित किया है।
विस्तार
इच्छाशक्ति के बल पर किसी भी असाध्य कार्य को साधा जा सकता है। ये बात गाजीपुर जिले के चित्रकार एवं कला शिक्षक डॉ. राजकुमार सिंह और युवा चित्रकार राजीव कुमार गुप्ता पर सटीक बैठती है। इन दोनों युवा चित्रकारों ने अपनी पेंटिंग को गिनीज बुक में दर्ज कराकर वर्ल्ड रिकार्ड बनाया है।
संभावना कला मंच के संयोजक एवं डॉ. एमए अंसारी इंटर कालेज यूसुफपुर के कला शिक्षक डॉ. राजकुमार सिंह और एमजेआरपी पब्लिक स्कूल गाजीपुर के कला शिक्षक राजीव कुमार गुप्ता ने अपनी पेंटिंग के साथ अपना नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज कराकर जिले को गौरवान्वित किया है। यह रिकार्ड दो मई 2021 को गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड ऑनलाइन ऑफीशियल अटेम्प्ट में फेसबुक पर एक घंटे में सर्वाधिक कलाकारों की लाइव पेंटिंग बनाते चित्र अपलोड करके बनाया गया है।
संस्था की ओर से कोरोना काल में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने के लिए विश्व भर के 112 देशों से 797 आर्टिस्ट की सहभागिता का रिकार्ड बनाया गया। राजकुमार सिंह कला गुरु के रूप में विख्यात हैं। उन्हीं के शिष्य राजीव गुप्ता हैं जो इससे पहले भी कई राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त कर चुके हैं। डॉ. राजकुमार सिंह और राजीव कुमार गुप्ता अपने कलाकारों के साथ संभावना कला मंच के नाम से विभिन्न कार्यक्रमों और कला प्रदर्शनियों तथा वर्क शॉप को आयोजित करते रहे हैं।
डॉ. राजकुमार साहित्य और कला के प्रतिष्ठित पुरस्कार राधिका देवी लोक सम्मान से सम्मानित हो चुके हैं। उनका मानना है कि अगर हम किसी भी कार्य को लगन, मेहनत और ईमानदारी से किया जाए तो सफलता अवश्य मिलती है। राजीव कुमार गुप्ता, राजा रवि वर्मा पुरस्कार मध्य प्रदेश, रिसर्च एक्सिलेंट अवार्ड बंगलुरु, रेड डायमंड अचीवर अवार्ड जैसे कई राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय कला पुरस्कारों को प्राप्त कर चुके हैं।
राजीव का मानना है कि हमारी ऊर्जा के स्रोत हमारी सामूहिकता है जहां एक कलाकार दूसरे को ऊर्जा प्रदान करता रहता है। हमारा उद्देश्य केवल रिकार्ड अपने नाम दर्ज करवाना नहीं बल्कि कला के क्षेत्र में गाजीपुर और संभावना कला मंच के कलाकारों के साथ जनपक्षीय कला को प्राथमिकता देना है। डॉ. राजकुमार एवं राजीव द्वारा गिनीज बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड में नाम दर्ज करवाने पर साहित्य और कला के विद्वानों ने खुशी व्यक्त की है और बधाई प्रेषित किया है।