गाजीपुर। वार्षिक स्थानांतरण नीति के तहत दूसरे जिले के राजकीय हाईस्कूल और इंटरमीडिएट कालेजों में कार्यरत 12 शिक्षक आनलाइन स्थानांतरण कराकर जिले के विभिन्न विद्यालयों में आए हैं। जबकि 14 शिक्षक यहां से स्थानांतरण कराकर दूसरे जिलों में गए हैं। बाहर से आने वाले छह शिक्षकों ने शनिवार को अपने-अपने विद्यालयों में कार्यभार ग्रहण किया। वहीं, दूसरे जिले में जाने वाले अधिकांश शिक्षक कार्यमुक्त होकर जा चुके हैं। जारी स्थानांतरण आदेश में प्रतापगढ से तीन, सोनभद्र से दो, चित्रकूट, देवरिया, आजमगढ, मऊ, चंदौली, भदोही और मिर्जापुर से एक-एक शिक्षक यहां आए हैं। इन शिक्षकों में तीन प्रवक्ता और नौ सहायक अध्यापक शामिल हैं। इनमें पांच शिक्षिकाएं भी शामिल हैं। राजकीय बालिका इंटर कालेज ओबरा से शशिबाला यादव का स्थानांतरण राजकीय सिटी इंटर कॉलेज में हुआ है। जबकि राजकीय हाईस्कूल वाजिदपुर प्रतापगढ़ से इंदू यादव राजकीय हाईस्कूल कटरिया करंडा में आई हैं। है। राजकीय सिटी इंटर कॉलेज में सबसे अधिक सात शिक्षक आए हैं। उनमें प्रतापगढ़ से दिवाकर पांडेय, इंदू यादव और सचिदानंद सिंह यादव, सोनभद्र से शशिबाला यादव, अभिषेक कुमार वर्मा, चित्रकूट से शिखा राय, देवरिया से अनिला समल, आजमगढ़ से आराधना, मऊ से अनुराग चौहान, चंदौली से मनीष कुमार सिंह, भदोही से पंकज रानी और मिर्जापुर से नरेंद्र सिंह यादव का स्थानांतरण यहां हुआ है।