मुहम्मदाबाद। ट्रेन ठहराव संघर्ष समिति की ओर से रविवार को यूसुफपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव को लेकर धरना दिया गया। धरना-प्रदर्शन सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक दो घंटे चला। इस दौरान चेतावनी दी गई कि मांगों को पूरा न करने पर आंदोलन किया जाएगा। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव डाॅ. जनक कुशवाहा ने कहा कि यूसुफपुर रेलवे स्टेशन तहसील मुख्यालय का एक अहम स्टेशन है। आज हम सभी इसी पार्क मे यूसुफपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव के लिए उपस्थित हैं। समाजसेविका मीरा राय ने कहा कि ट्रेनों का ठहराव यहां की जनता का हक है। पूर्व ब्लाॅक प्रमुख चंदा यादव ने कहा कि यूसुफपुर स्टेशन पर कई ट्रेनों का ठहराव नहीं होता है। इससे लोगों को यात्रा के लिए गाजीपुर और बलिया स्टेशनों पर जाना पड़ता है। धरने के बाद शहीद पार्क से जागरूकता बाइक रैली निकाली गई। रैली हाटा रोड, यूसुफपुर बाजार, नवापुरा मोड़, युसुफपुर रेलवे स्टेशन, आदिलाबाद चौराहा, पेट्रोल पंप चौराहा और शाहनिंदा होते हुए वापस शहीद पार्क में आकर समाप्त हुई। इस मौके पर राजेंद्र यादव, रामजी गिरि, तेज बहादुर यादव, शेषनाथ गुप्ता, अरुण बिंद आदि मौजूद रहे।