मरदह। कुंवर इंटर कालेज नरवर में हिंदुस्तान स्काउट-गाइड के तत्वावधान में तीन दिवसीय स्वास्थ्य लाभ संबंधी विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान स्काउट को अनुशासन की पहली पाठशाला बताया गया। उद्घाटन करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय चतुर्वेदी ने कहा कि अनुशासन ही स्काउट की प्रथम पाठशाला है तथा बच्चे राष्ट्र की धरोहर हैं। स्काउट के प्रशिक्षण से ही बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है और बच्चों में नेतृत्व करने की क्षमता बढ़ती है। बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि संस्कार से ही संसार को जीता जा सकता है। प्रथम दिन के प्रशिक्षण में प्रशिक्षुओं ने परिसर के आसपास स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया। प्रशिक्षक रूपचंद यादव एवं गाइड कैप्टन प्रियंका सिंह ने प्रशिक्षुओं को ध्वज शिष्टाचार, मार्च पास्ट, स्काउटिंग गेम, मीनार बनाना, पीटी परेड, आत्मरक्षा के गुर, आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के गुर सिखाए। जिला संगठन आयुक्त अरविंद कुमार यादव ने कहा कि स्काउट से बच्चों में देश प्रेम की भावना जागृत होगी एवं सामाजिक समरसता बढ़ेगी। इस मौके पर चंदन चतुर्वेदी, विनीत चतुर्वेदी, कालिका यादव आदि अध्यापक उपस्थित थे।